Patna Metro: राजधानी पटना में मेट्रो परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे यात्रियों को जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है. नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर पुडकलकट्टी ने हाल ही में मेट्रो कार्य प्रगति की गहन समीक्षा की. इस बैठक में अधिकारियों ने बताया कि खेमनीचक स्टेशन का निर्माण कार्य अक्टूबर से नवंबर महीने तक पूरा हो जाएगा. इसके बाद भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच खेमनीचक में भी मेट्रो ट्रेनों का ठहराव शुरू हो जाएगा.
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, दोनों कॉरिडोर में निर्माण कार्य जोरों पर है. मीठापुर में स्टेशन का काम पूरा होने के बाद अगले चरण में खेमनीचक से मीठापुर के लिए भी मेट्रो का परिचालन आरंभ हो जाएगा. मलाही पकड़ी से पटना जंक्शन के बीच सभी अंडरग्राउंड स्टेशन और टनल बनाने का कार्य भी शुरू हो चुका है.






नवंबर तक तैयार होंगे 8 टनल, 80% भूमिगत कार्य पूरा
मोइनउल हक से राजेंद्र नगर तक टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) ने अपने हिस्से का टनल निर्माण पूरा कर लिया है. इस दौरान सभी आठ स्टेशनों तक टनल का काम नवंबर महीने तक पूरी तरह संपन्न कर लिया जाएगा. मलाही पकड़ी से पटना जंक्शन तक लगभग 8 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड मेट्रो का निर्माण करीब 80 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है, जो परियोजना की महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
अभी इन 4 स्टेशनों पर रुकती है पटना मेट्रो
वर्तमान में पटना मेट्रो 5 सेक्शनों पर चल रही है, लेकिन यात्रियों के लिए फिलहाल 4 ही स्टेशनों पर ठहराव उपलब्ध है. इनमें आईएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ और मलाही पकड़ी स्टेशन शामिल हैं. खेमनीचक स्टेशन के शुरू होने से यात्रियों को एक और महत्वपूर्ण विकल्प मिलेगा.
बेली रोड पर चरणबद्ध तरीके से वन-वे की व्यवस्था
मेट्रो निर्माण के चलते बेली रोड पर यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए चरणबद्ध तरीके से वन-वे व्यवस्था लागू की जा रही है. विद्युत भवन, विकास भवन समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर वन-वे निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. आगे की रणनीति ट्रैफिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तय की जाएगी. इस समीक्षा बैठक के दौरान पटना मेट्रो परियोजना के हर एक सेक्शन और सभी निर्माण पैकेजों की प्रगति का जायजा लिया गया, ताकि तय समय सीमा में काम पूरा हो सके.








