Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिशनपुर टारा गांव में सोमवार दोपहर बकाया पैसों के विवाद में सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई है। दो युवकों ने एक घोड़ा कारोबारी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पैसों के विवाद में चली गोलियां, कारोबारी बाल-बाल बचा
पीड़ित घोड़ा कारोबारी अमरनाथ राय ने पुलिस को बताया कि सोमवार दोपहर जितवारपुर फरपुरा निवासी राजीव कुमार और रंजन कुमार अचानक उनके घर पहुंचे। दोनों युवक बिना किसी बातचीत के उनका घोड़ा खोलकर ले जाने लगे। जब अमरनाथ राय ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनसे 50 हजार रुपये की मांग की। पैसे देने से इनकार करने और विरोध जारी रखने पर, दोनों युवकों ने तीन-चार राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और कारोबारी बाल-बाल बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।






पुलिस ने बरामद किए खोखे, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह अपनी टीम के साथ बिशनपुर टारा गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस को मौके से फायरिंग के दो खाली खोखे भी बरामद हुए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया, ‘प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित के बेटे पर आरोपितों का कुछ रुपये बकाया था। हालांकि, पीड़ित अमरनाथ राय ने इस बात की जानकारी होने से इनकार किया है। दोनों आरोपितों की पहचान कर ली गई है। पीड़ित का आवेदन प्राप्त हो गया है और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’
पुलिस के अनुसार, यह घटना पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद का नतीजा है। अमरनाथ राय के बयान के आधार पर राजीव कुमार और रंजन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी चल रही है। पुलिस टीम फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और वे जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।








