Darbhanga Airport: दिल्ली जाने वाले यात्रियों को दरभंगा एयरपोर्ट पर उस वक्त भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब स्पाइसजेट ने अपनी दिल्ली की उड़ान अचानक रद्द कर दी। इस फैसले के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों ने जमकर हंगामा किया और एयरलाइन अधिकारियों के साथ लंबी बहस हुई। विमान कंपनी ने उड़ान रद्द करने की वजह ऑपरेशनल कारण बताई है।
स्पाइसजेट की फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों में हड़कंप
सोमवार को पहले दिल्ली से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट रद्द हुई। इसके तुरंत बाद, उसी विमान से दरभंगा से दिल्ली जाने वाली उड़ान को भी निरस्त कर दिया गया। दोपहर करीब 3:20 बजे दिल्ली से दरभंगा पहुंचने वाली यह फ्लाइट रद्द होने की घोषणा होते ही दिल्ली जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों में भारी नाराजगी फैल गई। यात्रियों ने एयरलाइन के काउंटर पर पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया।






एयरलाइन के एक अधिकारी ने बताया, ‘उड़ान को ऑपरेशनल कारणों से रद्द किया गया है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।’
दूर-दराज से आए यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी, मंगलवार के लिए रिशेड्यूल हुई टिकटें
हंगामे की खबर मिलते ही एयरलाइन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और यात्रियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन यात्री किसी भी दलील को सुनने को तैयार नहीं थे। कई यात्री दूर-दराज के जिलों से यात्रा करके एयरपोर्ट पहुंचे थे, और अचानक उड़ान रद्द होने से उन्हें भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। काफी देर तक चली बातचीत और हंगामे के बाद, स्पाइसजेट ने सभी प्रभावित यात्रियों की टिकटें मंगलवार के लिए रिशेड्यूल कर दीं। इसके बाद ही मामला शांत हुआ और यात्री अपने-अपने घरों को लौट गए।
सोमवार को आठ अन्य उड़ानों का हुआ संचालन
सोमवार को दरभंगा एयरपोर्ट से कुल आठ उड़ानों का संचालन हुआ। मुंबई से आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-115 अपने निर्धारित समय सुबह 10:15 बजे से लगभग 40 मिनट की देरी से दरभंगा पहुंची। वहीं, दिल्ली से आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट QP-1405 और बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट QP-1513 दोपहर 12:05 बजे यात्रियों को लेकर दरभंगा पहुंचीं। इसके अतिरिक्त, दिल्ली से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-360 अपने तय समय से 10 मिनट पहले ही दरभंगा एयरपोर्ट पर उतर गई।








