Bihar Paper Leak: बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली का एक बड़ा नेटवर्क सामने आया है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एइडीओ परीक्षा पेपर लीक मामले में भाभा परमाणु रिसर्च सेंटर (BARC) के टेक्निकल असिस्टेंट रौशन कुमार और 25 वर्षीय आकाश कुमार को नालंदा से गिरफ्तार किया है। इन दोनों से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिससे पता चलता है कि यह गिरोह सिर्फ एक परीक्षा तक सीमित नहीं था, बल्कि कई महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रियाओं में सेंध लगा चुका था।
नीट से लेकर अमीन बहाली तक, हर जगह धांधली
इओयू के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने 2023 में आयोजित नीट यूजी परीक्षा में स्कॉलर बिठाकर एक अभ्यर्थी को फर्जी तरीके से पास कराया था। इसके साथ ही, रेडियो ऑपरेटर, मद्य निषेध और अमीन बहाली जैसी परीक्षाओं में भी सेटिंग कर अभ्यर्थियों को नौकरी दिलवाई। इतना ही नहीं, झारखंड सीजीएल परीक्षा में भी धांधली के प्रमाण मिले हैं। यह दर्शाता है कि इस गिरोह की पहुंच राज्य और राज्य के बाहर भी थी।






इओयू अधिकारियों के अनुसार, ‘पूर्व में नीट यूजी-2023 परीक्षा में गिरफ्तार आरोपी आकाश कुमार व रौशन कुमार के द्वारा एक परीक्षार्थी को स्कॉलर बैठाकर फर्जी तरीके से नीट परीक्षा पास कराने का खुलासा हुआ है। उस परीक्षार्थी की पहचान की जा रही है।’
अपहरण की साजिश और 25 लाख की डील
अमीन बहाली परीक्षा में सेटिंग के बाद जब दो अभ्यर्थियों ने 3.5-3.5 लाख रुपये का बकाया नहीं चुकाया, तो रौशन और आकाश ने अपने गिरोह के माध्यम से उनके अपहरण की साजिश भी रची थी। एइडीओ परीक्षा में उत्तर कुंजी उपलब्ध कराने के लिए तो 25 लाख रुपये की डील हुई थी, और आकाश कुमार ने इस परीक्षा में चार से अधिक परीक्षार्थियों की सेटिंग कराई थी। EOU की जांच में बिहार के कई ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों से भी इस गिरोह के संबंध होने का खुलासा हुआ है।
पूछताछ में बायोमेट्रिक कंपनी के कर्मियों, मैनेज्ड परीक्षा केंद्रों, परीक्षार्थियों और सॉल्वर गैंग के संबंध में कई अहम जानकारियां मिली हैं। पैसों के लेनदेन को लेकर भी कई खुलासे हुए हैं। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें परीक्षार्थी, बायोमीट्रिक सुपरवाइजर, बायोमीट्रिक ऑपरेटर और बायोमीट्रिक कंपनी के वेंडर भी शामिल हैं। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और नीट परीक्षा में फर्जी तरीके से पास हुए अभ्यर्थी की तलाश जारी है।








