Bihar Cyber Fraud: राज्य में बिहार में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसी कड़ी में, घनश्यामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कार्यरत एक एएनएम (सहायक नर्स मिडवाइफ) बबीता कुमारी साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं। ठगों ने बैंक स्टेटमेंट निकालने का बहाना बनाकर उनके भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) खाते से कुल 99,370 रुपये उड़ा लिए। इस गंभीर मामले को लेकर पीड़िता ने घनश्यामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
बैंक स्टेटमेंट के नाम पर दिया झांसा
पीड़िता बबीता कुमारी ने पुलिस को बताया कि 9 अगस्त को उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि वह बैंक स्टेटमेंट निकालने में उनकी मदद करेगा। उसने बबीता कुमारी को मोबाइल पर कुछ स्टेप्स फॉलो करने के लिए कहा। जैसे ही उन्होंने निर्देशों का पालन किया, उनके खाते से पहली बार में 49,685 रुपये कट गए।
दो बार में खाली हुआ खाता
पैसे कटने के बाद ठग ने बबीता कुमारी को यह कहकर झांसा दिया कि कटी हुई रकम वापस आ जाएगी और उन्हें वही प्रक्रिया दोबारा दोहरानी होगी। ठग के बहकावे में आकर उन्होंने दोबारा वही प्रक्रिया दोहराई और इस बार भी उनके खाते से 49,685 रुपये की राशि निकाल ली गई। दोनों बार में कुल 99,370 रुपये की ठगी हुई। दूसरी बार पैसे निकलने के बाद आरोपी ने उनसे ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) मांगने की कोशिश की, लेकिन इस बार बबीता कुमारी ने समझदारी दिखाते हुए ओटीपी देने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस घटना के तुरंत बाद बबीता कुमारी ने इसकी सूचना साइबर थाना को भी दी। उन्होंने साइबर शिकायत संख्या (ACK नंबर) 30508260097685 के तहत अपनी शिकायत दर्ज कराई है। घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बबीता कुमारी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस इस साइबर ठगी के मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके और ऐसे अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।







