Bihar Mirzapur Movie: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ के फैंस के लिए बड़ी खबर है. सीरीज के मुख्य किरदार कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी एक बार फिर अपने चिर-परिचित अंदाज में लौट रहे हैं, लेकिन इस बार कहानी बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ के रूप में सामने आएगी. फिल्म की स्टार कास्ट पटना पहुंची, जहां उन्होंने दर्शकों के साथ अपने अनुभव साझा किए. इस दौरान पंकज त्रिपाठी ने साफ किया कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ में एक ऐसी कहानी दिखाई जाएगी, जो अब तक वेब सीरीज के किसी भी सीजन में नहीं दिखी है.
पंकज त्रिपाठी के साथ गुड्डू पंडित का किरदार निभाने वाले अली फजल और मुन्ना त्रिपाठी बने दिव्येंदु शर्मा भी मौजूद थे. तीनों अभिनेताओं ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है. पंकज त्रिपाठी ने बताया कि फिल्म और वेब सीरीज के फॉर्मेट में मुख्य अंतर अवधि का होता है. सीरीज में कहानी को विस्तार देने का अधिक मौका मिलता है, जबकि फिल्म के लिए सीमित समय में ही पूरी कहानी को समेटना होता है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि फिल्म में कहानी को छोटा नहीं किया गया है, बल्कि दर्शकों को एक बिल्कुल नया और अनदेखा कथानक देखने को मिलेगा.
बॉक्स ऑफिस का डर नहीं, सिर्फ मनोरंजन का जुनून
सफल वेब सीरीज के बाद फिल्म बनाने पर बॉक्स ऑफिस के दबाव से जुड़े सवाल पर कालीन भैया बिल्कुल बेफिक्र नजर आए. पंकज त्रिपाठी ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि अगर डर होता तो वे फिल्म बनाते ही क्यों. उन्होंने ‘मिर्जापुर द मूवी’ को पूरी तरह से मनोरंजक बताते हुए उम्मीद जताई कि जिस तरह दर्शकों ने वेब सीरीज को अपार प्यार दिया है, उसी तरह फिल्म को भी उनका भरपूर स्नेह मिलेगा.
पंकज त्रिपाठी ने अभिनय की दुनिया में अपने मजबूत और लेयर्ड किरदारों की संभावनाओं को लेकर भी बात की. जब उनसे पूछा गया कि ‘मिर्जापुर’ जैसी किसी और दमदार वेब सीरीज पर फिल्म बननी चाहिए तो उनकी पहली पसंद ‘क्रिमिनल जस्टिस’ थी. उनके इस जवाब से साफ होता है कि वह बड़े पर्दे पर ऐसे किरदारों को प्राथमिकता देते हैं, जिनमें कहानी की गहराई और अभिनय का विस्तार हो.
रवि किशन की एंट्री पर बोले- ‘रवि भैया कमाल थे’
‘मिर्जापुर द मूवी’ में भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन की एंट्री को लेकर भी पंकज त्रिपाठी से सवाल किया गया. हालांकि उन्होंने फिल्म में रवि किशन की भूमिका या कहानी से जुड़े विवरण बताने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि यह तो फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा. वहीं, रवि किशन की तारीफ करते हुए पंकज त्रिपाठी ने कहा कि उनका काम शानदार है और ‘रवि भैया कमाल थे.’
बिहार से पंकज त्रिपाठी का गहरा नाता
पटना पहुंचने के दौरान पंकज त्रिपाठी ने बिहार से अपने गहरे जुड़ाव और यहां शूटिंग के अनुभवों पर भी बातचीत की. बिहार से आने वाले पंकज त्रिपाठी के लिए पटना हमेशा खास रहा है. उनकी मौजूदगी ने फिल्म को लेकर स्थानीय दर्शकों की उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है.
इस बातचीत के दौरान भोजपुरी सिनेमा और उसकी मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा हुई. पंकज त्रिपाठी ने क्षेत्रीय सिनेमा की संभावनाओं को लेकर अपनी राय रखी. उनके अनुसार, मजबूत कहानी और अच्छे कंटेंट के जरिए किसी भी भाषा का सिनेमा दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकता है. ‘मिर्जापुर द मूवी’ के साथ, दर्शकों को एक बार फिर कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी की दुनिया में खो जाने का मौका मिलेगा, लेकिन इस बार एक बिल्कुल नए अंदाज और नई कहानी के साथ.







