Jehanabad News: जहानाबाद जिले में मंगलवार को एक हृदय विदारक घटना ने पूरे गांव को शोकाकुल कर दिया है। शकूराबाद थाना क्षेत्र के चिकसौरा गांव में घर के पास एक पइन (जलस्रोत) में डूबने से 6 वर्षीय मासूम राज बल्लम उर्फ यश राज कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में उसके साथ दो अन्य बच्चे भी डूब गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बाहर निकाल लिया। घायल बच्चों पल्लवी कुमारी और सोनू कुमार का इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि मृतक बच्चे के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बच्चों की चीख सुनकर दौड़े ग्रामीण, ऐसे बची दो जानें
मिली जानकारी के अनुसार, चिकसौरा गांव निवासी दीपक कुमार का 6 वर्षीय पुत्र राज बल्लम उर्फ यश राज कुमार अपनी 7 वर्षीय बहन पल्लवी कुमारी और 5 वर्षीय भाई सोनू कुमार के साथ घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते तीनों बच्चे घर के निकट स्थित पइन के किनारे पहुंच गए और अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। उन्होंने बिना समय गंवाए तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए रतनी अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल में डॉक्टर ने यश को मृत घोषित किया, जांच में जुटी पुलिस
जहानाबाद सदर अस्पताल में जांच के उपरांत चिकित्सक डॉ. सुनील राय ने 6 वर्षीय यश राज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 7 वर्षीय पल्लवी कुमारी और 5 वर्षीय सोनू कुमार को आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चे खेलते समय फिसलकर पइन में गिरे थे या पानी में नहाने उतरे थे।
इस हृदयविदारक घटना के बाद चिकसौरा गांव में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है। मासूम यश राज कुमार की मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद शकूराबाद थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई। पुलिस ने मामले की गहन छानबीन में जुट गई है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके।







