Darbhanga Crime: बिहार के दरभंगा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक मामा ने अपने ही 19 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ भांजे का अपहरण कर लिया और उसकी रिहाई के बदले एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। हालांकि, घनश्यामपुर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटों के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी मामा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह पूरा मामला परिवारिक विवाद और इलाज के खर्च को लेकर उपजे मनमुटाव का नतीजा बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार और पुलिस दोनों ने इस घटना को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं।
मामा ने किया भांजे का अपहरण, फिरौती में मांगे 1 लाख
घटना 30 अगस्त की है, जब घनश्यामपुर थानाक्षेत्र के पोहद्दी बेला गाँव से 19 वर्षीय अभिषेक कुमार देव दोपहर करीब दो बजे अचानक लापता हो गया। उसकी माँ रीना देवी ने घनश्यामपुर पुलिस थाने में अपने बेटे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके भाई राम कुमार, जो अलीनगर थानाक्षेत्र के धंमसाइन गाँव के निवासी हैं, अभिषेक को पोहद्दी हाईस्कूल के पास से अपनी बाइक पर बैठाकर ले गए थे।
शाम करीब चार बजे रीना देवी को एक वीडियो कॉल आया। आरोप है कि उनके भाई राम कुमार ने कॉल पर बेटे को बंधक बनाए जाने की बात कही और एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की। रुपये न देने पर अभिषेक को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस दौरान अभिषेक के रोने की आवाजें सुनाई दीं और उसने कथित तौर पर कहा, ‘अब मत मारो मामू’। इस हृदय विदारक कॉल के बाद परिजनों ने मधुबनी जिले के आरएस थाना पहुंचकर पुलिस की मदद मांगी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी राम कुमार को पकड़ा गया और अभिषेक को मधुबनी जिले के आरएस थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर स्थित जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
इलाज का खर्च बना विवाद की जड़, पंचायत भी हुई फेल
पुलिस पूछताछ में आरोपी मामा राम कुमार ने बताया कि अभिषेक कुमार देव मानसिक रूप से अस्वस्थ है और मुंबई में उसके इलाज पर उसने काफी पैसे खर्च किए थे। बाद में उसने अपनी बहन रीना देवी से इलाज में खर्च हुए पैसे वापस मांगे, लेकिन बहन ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इस विवाद को सुलझाने के लिए गाँव में पंचायत भी बुलाई गई थी, लेकिन बात नहीं बनी। इसी मनमुटाव के चलते राम कुमार ने अपने भांजे का अपहरण कर फिरौती मांगने की साजिश रची।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया, “महिला रीना देवी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी राम कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।”
हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि जंगल में ले जाकर अभिषेक के साथ मारपीट भी की गई थी। पुलिस इस पूरे प्रकरण की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके और न्याय सुनिश्चित हो।







