Bihar DGP: बिहार में नए पुलिस महानिदेशक (DGP) के चयन को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। वर्तमान डीजीपी विनय कुमार का दो साल का कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होने वाला है, ऐसे में राज्य के अगले पुलिस मुखिया कौन होंगे, इसे लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। गृह विभाग ने इस महत्वपूर्ण पद के लिए चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है।



जानकारी के अनुसार, बिहार सरकार के गृह विभाग ने 30 साल की सेवा पूरी कर चुके आईपीएस अधिकारियों की एक सूची तैयार की है। इस सूची को केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा गया है, जिसमें डीजीपी रैंक के 9 अधिकारी और 1995-96 बैच के 14 एडीजी स्तर के अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
कैसे होगी बिहार के नए DGP की नियुक्ति?
बिहार के नए डीजीपी के चयन की प्रक्रिया में केंद्र सरकार और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की अहम भूमिका होगी। मिली जानकारी के मुताबिक, गृह विभाग इन अधिकारियों के नामों पर यूपीएससी से विस्तृत विचार-विमर्श करेगा। इसके बाद यूपीएससी तीन नामों का एक पैनल तैयार कर बिहार सरकार को भेजेगा। अंत में, मुख्यमंत्री इन तीन नामों में से किसी एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के नाम पर अपनी अंतिम मुहर लगाएंगे।
DGP की रेस में कौन-कौन से दिग्गज शामिल?
बिहार के अगले पुलिस प्रमुख की दौड़ में कई वरिष्ठ और अनुभवी आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। वरिष्ठता क्रम में 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। उनके बाद 1992 बैच के बी. श्रीनिवासन भी इस दौड़ में हैं, जो फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर एनएसजी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इसके अलावा, 1993 बैच से जितेंद्र सिंह गंगवार के नाम की भी चर्चा जोरों पर है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के डीजी जितेंद्र कुमार भी इस महत्वपूर्ण पद की रेस में शामिल हैं। 1994 बैच के कुंदन कृष्णन की दावेदारी को भी काफी मजबूत माना जा रहा है। इसी बैच में डॉ. परेश सक्सेना और निर्मल कुमार आजाद जैसे अधिकारी भी डीजीपी पद की दौड़ में हैं। साथ ही, 1995 और 1996 बैच के कई एडीजी स्तर के अधिकारियों के नाम भी चयन प्रक्रिया का हिस्सा बने हुए हैं।
व्यक्तिगत राय और वरिष्ठता का होगा महत्व
बिहार के नए डीजीपी के चयन में वरिष्ठता के साथ-साथ कई अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया जाएगा। अधिकारियों की व्यक्तिगत राय को भी इसमें शामिल किया जाएगा, जो चयन प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा है। ऐसे में, राज्य के अगले पुलिस मुखिया के रूप में किसके नाम पर अंतिम मुहर लगती है, यह देखना दिलचस्प होगा।








You must be logged in to post a comment.