Darbhanga Police Attack: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब कारोबारियों और नशेड़ियों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं। ताजा मामला दरभंगा जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां शराब और नशे के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया। इस दौरान न सिर्फ पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट हुई, बल्कि सरकारी गाड़ी पर पथराव भी किया गया, जिससे उसका शीशा टूट गया। इस हमले में एएसआई राजेश सिंह के हाथ में चोट लगी है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी अजय पासवान ने चलती पुलिस गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश की, जिसमें वह खुद भी घायल हो गया है।
पुलिस टीम पर हमला, एएसआई घायल
मनीगाछी थाना क्षेत्र के बघान्त गांव के पासवान टोला में पुलिस टीम बुधवार रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करने पहुंची थी। यहां कुछ लोग शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया और सरकारी वाहन में बैठा लिया। इसी दौरान स्थानीय गणेशी पासवान के पुत्र अजय पासवान ने पुलिस टीम से उलझते हुए हंगामा किया और गाड़ी में बैठे लोगों को छुड़ा लिया। इस घटना के बाद पुलिस टीम को वापस लौटना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मनीगाछी थाने में कांड संख्या 267/26 दर्ज की गई। इसमें अजय पासवान समेत छह नामजद और कई अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी। गुरुवार देर रात बाजितपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार नेहरा, मोती कुमार और मनीगाछी थानाध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वज्र वाहन के साथ बघान्त गांव के पासवान टोला पहुंची।
चलती गाड़ी से कूदा आरोपी, खुद भी हुआ घायल
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी अजय पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय उसके परिजनों और स्थानीय लोगों ने एक बार फिर पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हंगामा किया। हालांकि, पुलिस किसी तरह अजय पासवान को काबू में कर सरकारी वाहन में बैठाने में सफल रही।
गांव से करीब दो किलोमीटर दूर निकलने के बाद, चार बाइक सवार कुछ लोगों ने पुलिस वाहन का पीछा किया। इसी दौरान एक बाइक सवार ने पुलिस वाहन के सामने आकर शीशे पर पत्थर मार दिया, जिससे गाड़ी का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इस बीच, पुलिस गाड़ी के पीछे दो सिपाहियों के साथ बैठे अजय पासवान ने अपने पैर से वाहन के पिछले शीशे पर जोरदार प्रहार किया, जिससे वह भी टूट गया। इसके बाद अजय पासवान चलती गाड़ी से बाहर कूद गया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उसे तुरंत पकड़ लिया। चलती गाड़ी से कूदने के कारण अजय पासवान को भी शरीर में चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए डीएमसीएच के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है। एएसआई राजेश सिंह का इलाज मनीगाछी सीएचसी में कराया गया है।
बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया, ‘मनीगाछी में पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया है और एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है। घटना में जो भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार शराब कारोबारियों और शराब के नशे में हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस तरह की घटना कर यदि कोई यह समझ रहा है कि पुलिस अपनी कार्रवाई से पीछे हट जाएगी या कार्रवाई डायवर्ट हो जाएगी, तो ऐसा बिल्कुल नहीं होगा। शराब कारोबार और नशेड़ियों के खिलाफ पुलिस आगे भी लगातार और कड़ाई से कार्रवाई करेगी।’
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे जो कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश करते हैं। दरभंगा पुलिस का यह अभियान बिना किसी बाधा के जारी रहेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।







