Bihar Vigilance Raid: भ्रष्टाचार पर नकेल कसते हुए बिहार में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य के ग्रामीण विकास विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर चंद्रशेखर सिंह के ठिकानों पर गुरुवार को टीम ने एक साथ छापेमारी की। इस दौरान इंजीनियर के एक ठिकाने से करीब 3.20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ग्रामीण विकास विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर चंद्रशेखर सिंह के ठिकानों पर करीब साढ़े 12 बजे पहुंची थी। चंद्रशेखर सिंह पर आय से अधिक संपत्ति जमा करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि छापेमारी के वक्त इंजीनियर चंद्रशेखर सिंह अपने घर पर ही मौजूद थे।
बिहार-बंगाल में चार ठिकानों पर रेड
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने पटना जिले के रूपसपुर स्थित सरयुग वामिका अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 103 में छापेमारी की। यह अपार्टमेंट लोहिया पथ पर स्थित है। पटना के अलावा राज्य के सारण और कटिहार जिलों में भी विजिलेंस की टीम ने कार्रवाई की। इतना ही नहीं, पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भी इंजीनियर के ठिकानों पर छापेमारी की गई। चंद्रशेखर सिंह वर्तमान में छपरा में पोस्टेड हैं।
विजिलेंस टीम ने कटिहार में इंजीनियर के पैतृक घर के कमरे, अलमारियों और लॉकरों को खंगाला। इस दौरान वित्तीय दस्तावेजों, जमीन-जायदाद के कागजात, बैंक पासबुक, निवेश से जुड़े दस्तावेज और आभूषणों का ब्योरा जुटाया गया। हालांकि, कौन-कौन से विशिष्ट कागजात बरामद हुए हैं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
फिलहाल, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की छापेमारी पूरी होने और टीम के अधिकारी की तरफ से आधिकारिक बयान जारी किए जाने का इंतजार किया जा रहा है। इस कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।







You must be logged in to post a comment.