Anant Singh: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने एक बार फिर अपने बयानों से सियासी हलचल मचा दी है। राजनीति से संन्यास लेने और अपने बेटे को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान कर चुके अनंत सिंह ने अब अपना फैसला पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि वह आगे भी मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
अनंत सिंह ने दावा किया कि उनके साथ जिस तरह का ‘खेल’ हुआ है, उसके बाद अब संन्यास लेने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने अपने बेटे के राजनीति में आने और चुनाव लड़ने के फैसले को भी फिलहाल टाल दिया है। सुप्रीम कोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में ‘छोटे सरकार’ ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
संन्यास से यू-टर्न, क्यों बदला फैसला?
अनंत सिंह ने बताया कि पहले उनकी इच्छा थी कि उनका बेटा राजनीति में आए और मोकामा से चुनाव लड़े। हालांकि, मौजूदा घटनाक्रम के बाद अब वह खुद चुनाव लड़ने की तैयारी में रहेंगे। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर इसी तरह का ‘खेल’ जारी रहा तो आगे भी वह खुद ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। अनंत सिंह का यह बयान उनके पुराने राजनीतिक ऐलान से बिल्कुल उलट है।
दरअसल, जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद छोड़ा था, तब अनंत सिंह ने राजनीति से संन्यास लेने की बात कही थी। उन्होंने तब कहा था कि वह 2030 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और उनकी जगह उनका बेटा राजनीति में आएगा व मोकामा से चुनाव लड़ेगा। उस समय उनके बयान से संकेत मिला था कि वह धीरे-धीरे सक्रिय राजनीति से दूरी बना सकते हैं, लेकिन बाद में जेडीयू से निष्कासन के बाद उनका रुख बदल गया। अब उन्होंने दोबारा चुनाव लड़ने का खुला ऐलान कर दिया है। बेटे के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फैसला उसकी अपनी इच्छा पर निर्भर करेगा।
JDU और नीरज कुमार पर सीधा हमला
जेडीयू से अपने निष्कासन और पार्टी के भीतर हुए घटनाक्रम पर भी अनंत सिंह ने खुलकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने जेडीयू के भविष्य को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि आने वाले समय में पार्टी के लिए अपना खाता खोलना भी मुश्किल हो जाएगा। अनंत सिंह ने बातचीत के दौरान जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार को भी सीधे निशाने पर लिया।
अनंत सिंह ने आरोप लगाया, “दुलारचंद यादव हत्याकांड में मुझे फंसाया गया है। दुलारचंद यादव की हत्या नीरज कुमार ने करवाई है। मैंने कभी पार्टी का विरोध नहीं किया था, मेरा विरोध केवल नीरज कुमार से था। मेरे खिलाफ दर्ज मुकदमों के पीछे भी नीरज कुमार की भूमिका रही है। नीरज कुमार ने जो कहा, सरकार और पार्टी ने वही किया।”
मोकामा के विधायक अनंत सिंह के इस बयान के बाद अब क्षेत्र की राजनीति में एक बार फिर गरमाहट आ गई है। उनके इस फैसले और जेडीयू व नीरज कुमार पर लगाए गए गंभीर आरोपों से आने वाले दिनों में बिहार की सियासत में हलचल तेज होने की संभावना है।

















