Bihar Cyber Fraud: प्रभास रंजन दरभंगा।बिहार में साइबर फ्रॉड का जाल तेजी से फैल रहा है, जहां धोखेबाज नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला दरभंगा जिले से सामने आया है, जहां एक प्राइवेट कंपनी के इंजीनियर को इंस्टाग्राम पर दोस्ती और शादी का झांसा देकर डेढ़ करोड़ रुपये ठग लिए गए। इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन ठगी के बढ़ते खतरे को उजागर किया है।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का वादा और 1.5 करोड़ की ठगी
दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र स्थित नवादा गांव के रहने वाले दीपक कुमार एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर हैं। उन्होंने साइबर थाना में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि इंस्टाग्राम पर एक लड़की ने उनसे दोस्ती की। लड़की ने खुद को स्मार्ट बताकर दीपक से शादी करने और बेहतर जिंदगी बिताने का वादा किया। इस झांसे में आकर दीपक ने लड़की पर भरोसा कर लिया। ठगी करने वाली युवती ने दीपक से कभी वीडियो कॉल पर बात नहीं की, वह सिर्फ ऑडियो कॉल पर ही उससे संपर्क करती थी।
साइबर फ्रॉड लड़की ने दीपक को विभिन्न कंपनियों के शेयर में पैसे लगाकर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया। अगले तीन महीनों के भीतर दीपक ने अलग-अलग 30 बैंक खातों में डेढ़ करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। यह रकम उन्होंने अपनी बहन और मां के खातों से लेकर भेजी थी।
पैसों की जरूरत पड़ी तो सामने आया फ्रॉड
जब दीपक कुमार को पैसों की जरूरत पड़ी और उन्होंने युवती से अपनी जमा राशि वापस मांगी, तो युवती ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। पहले उसने सिस्टम में मेंटेनेंस का बहाना बनाया और दो-तीन दिन का समय मांगा। इसके बाद जब दीपक ने फिर पैसे मांगे, तो युवती ने जमा राशि का 25 प्रतिशत अतिरिक्त देने पर ही भुगतान की बात कही। इस मांग के बाद दीपक को एहसास हुआ कि वह साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए हैं।
तत्काल उन्होंने डायल 1930 पर सूचना दी और फिर 2 नवंबर को साइबर थाना में मामला दर्ज करवाया। साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि दीपक कुमार झा के आवेदन पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इंस्टाग्राम पर लड़की के फोटो का मिलान नहीं हो पा रहा है। पुलिस अब अन्य तकनीकी माध्यमों से साइबर फ्रॉड लड़की की पहचान करने और बैंक खातों का सत्यापन करने में जुटी है।
कॉल फॉरवर्डिंग से क्रेडिट कार्ड से 73 हजार की निकासी
दरभंगा में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के गंगासागर रूदलगंज निवासी अरविंद कुमार झा ने लहेरियासराय थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को उनके मोबाइल नंबर पर कॉल फॉरवर्डिंग करके एक कॉल आया था। इसके तुरंत बाद उनके क्रेडिट कार्ड से लगातार चार ट्रांजैक्शन हुए, जिससे कुल 73 हजार 810 रुपये की निकासी हो गई। थाना प्रभारी चंद्रकांत गौड़ी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इस मामले में भी कार्रवाई की जा रही है।
साइबर फ्रॉड से बचने के लिए रहें सतर्क
यह घटनाएं दर्शाती हैं कि बिहार में साइबर फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है, लेकिन आम जनता को भी ऑनलाइन अनजान लोगों से दोस्ती करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक करने और अपनी बैंक जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर पुलिस को दें।







