Bihar Train Crime: बिहार में चलती ट्रेन में यात्रियों से जबरन पैसे वसूलने और विरोध करने पर मारपीट की घटना सामने आई है। रेल पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच मंगलामुखी को गिरफ्तार किया है। यह घटना संघमित्रा एक्सप्रेस में हुई, जहां एक यात्री को दांत से काटकर घायल कर दिया गया और उससे 1500 रुपये छीन लिए गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से छीनी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली है।

चलती ट्रेन में यात्री को दांत से काटा
यह चौंकाने वाली घटना दो नवंबर को ट्रेन संख्या 12296 संघमित्रा एक्सप्रेस के जनरल बोगी में हुई। रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन से पांच मंगलामुखी ट्रेन में सवार हुए और यात्रियों से जबरन पैसे मांगने लगे। इसी दौरान उन्होंने 20 वर्षीय यात्री माजिद आलम से रुपये की मांग की। जब माजिद ने अपनी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही, तो आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया।

मामले ने तब हिंसक मोड़ ले लिया जब माजिद आलम ने इसका विरोध किया। मंगलामुखी ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें दांत से काटकर घायल कर दिया। इस दौरान उनकी जेब से 1500 रुपये भी छीन लिए गए। इस घटना से ट्रेन में मौजूद अन्य यात्री भी दहशत में आ गए।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, 5 गिरफ्तार
घटना की सूचना तत्काल रेल थाना बक्सर के थानाध्यक्ष को मिली, जिन्होंने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। पटना के रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पीड़ित माजिद आलम के लिखित आवेदन के आधार पर रेल थाना बक्सर में कांड संख्या 233/26 दर्ज किया गया।
रेल पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर रेल थाना बक्सर कांड संख्या 233/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में पांच मंगलामुखी को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान 19 वर्षीय रूबेल उर्फ सोनिया, 20 वर्षीय टौनी उर्फ सुम्या, अजहर उर्फ खुशी, 26 वर्षीय बानू उर्फ चम्पा और 19 वर्षीय मेराज उर्फ बिजली के रूप में हुई है। सभी गिरफ्तार आरोपित भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इनके पास से यात्री से छीने गए 500 रुपये के तीन नोट भी बरामद कर लिए हैं। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







