Darbhanga Theft: बिहार के दरभंगा जिले में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. गौड़ाबौराम प्रखंड के अधलायर गांव स्थित अंबेडकर चौक पर एक स्टेशनरी दुकान से करीब दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई है. मंगलवार की रात अपराधियों ने दुकान का वेंटिलेटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित लाखों का सामान लेकर फरार हो गए.

वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में घुसे चोर, लाखों का सामान उड़ाया
फोरसाही निवासी जय प्रकाश साहु पिछले पांच वर्षों से अधलायर गांव के अंबेडकर चौक पर अपनी स्टेशनरी दुकान चला रहे हैं. मंगलवार की रात करीब आठ बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे. बुधवार की सुबह आठ बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ पाया, जिससे उनके होश उड़ गए.
जांच करने पर पता चला कि चोरों ने दुकान के ऊपरी हिस्से में लगे वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया था. चोरों ने दुकान में रखे एक लाख 40 हजार रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल और बड़ी मात्रा में स्टेशनरी का सामान चुरा लिया. कुल मिलाकर करीब दो लाख रुपये की संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ किया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच, दुकानदार ने की कार्रवाई की मांग
चोरी की इस घटना से जय प्रकाश साहु को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है. उन्होंने तत्काल बड़गांव थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है. सूचना मिलते ही बड़गांव थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया, ‘हमें चोरी की सूचना मिली है. पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है और मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल की जा रही है. जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा.’
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके. इस घटना से इलाके के अन्य दुकानदारों में भी भय का माहौल है, उन्होंने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.








