
दरभंगा, देशज टाइम्स ब्यूरो। लहेरियासराय टावर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरि सहनी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किए गये आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्णों को उच्च शिक्षा व सरकारी नौकरियों में दस प्रतिशत आरक्षण देने के ऐतिहासिक निर्णय पर आतिशबाजी की गई। लोगों के बीच मिठाई बांटी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष हरि सहनी ने कहा कि आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्ण जाति के लोगों को दस प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला ऐतिहासिक है। आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग बहुत दिनों से की जा रही थी। महागठबंधन में शामिल कुछ दलों ने भी इसके लिए आवाज उठाई थी, लेकिन जब एनडीए सरकार ने फैसला कर लिया तब कुछ लोग सवर्ण समाज से किए गए अपने वादे से पीछे हटकर सिर्फ विरोध के लिए विरोध कर रहे हैं। इस ऐतिहासिक विधेयक पर सभी दलों को जात-पात से ऊपर उठकर सरकार का समर्थन करना चाहिए।

सत्तर साल तक सत्ता मे रहने वाली कांग्रेस हमेशा सवर्णों की वोट तो लेती रही मगर उन्हें आरक्षण नहीं दिया। वरिष्ठ अधिवक्ता सियाराम चौधरी ने कहा कि आज मोदी की सरकार ने सवर्णों को आरक्षण देने के लिए संविधान की धारा चौदह व पंद्रह में संशोधन कर आरक्षण की सीमा को बढ़ाकर पचास से साठ कर रही है, जबकि नरसिम्हा राव की सरकार ने बिना संविधान संशोधन के सामान्य वर्गों को आरक्षण देने का महज नाटक किया था। पूर्व में भी जस्टिस सिन्हो समिति ने 2010 में ही सवर्णों को आरक्षण देने की अनुशंसा की थी, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार ऐसी हिम्मत नहीं जुटा पाई। कार्यक्रम में जिला महामंत्री आदित्य नारायण चौधरी मन्ना, शिवजी यादव, संतोष पासवान, राजेश रंजन, जिला मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी,अमलेश झा, राजू तिवारी, ज्योति कृष्ण झा लवली, अधिवक्ता अमरनाथ झा, शिवशंकर झा, रेखा झा, भरत सहनी,अशोक साह, विकास चौधरी,संतोष पोद्दार,गोविंद झा, संगीता साह,श्रवण महतो,ओमप्रकाश सिंह, सुंदरलाल चौधरी, समीर सिन्हा, प्रेमकुमार रिंकू,आशुतोष झा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।









You must be logged in to post a comment.