दरभंगा, देशज टाइम्स ब्यूरो। दरभंगा में अब सम्मोहन विधा का इस्तेमाल लुटेरे करने लगे हैं। ऐसी शहर की शायद यह पहली घटना है जिसमें सम्मोहन विधा का इस्तेमाल सिगरेट के धुंए से की गई है और युवक को वश में कर उससे बीस हजार रुपए लूटकर लुटेरे आराम से चलते बने हैं। जानकारी के अनुसार, लहेरियासराय स्थित पंजाब नेशनल बैंक में उचक्कों ने फिर अपनी करतूत से पुलिस को शर्मसार कर दिया। बैंक परिसर में झांसा देकर एक व्यक्ति से अपराधियों ने बीस हजार रुपए उड़ा लिए।
जानकारी के अनुसार, बाकरगंज स्थित महासेठ टैक्सटाइल दुकान में काम करने वाले नवटोलिया गांव के विनोद पासवान के पुत्र पिंटू कुमार पासवान पैसा जमा करने बैंक के लाइन में खड़े थे। इसी बीच दो युवकों ने उसके मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ा और उससे कहा कि जरूरी काम है एक मिनट के लिए बाहर आइए। वह बिना कुछ सोचे-समझे उस व्यक्ति के साथ बाहर चला गया। कुछ दूर ले जाने के बाद एक गली में उसके पॉकेट से बीस हजार रुपया निकाल लिया और कागज का एक पुतली जिसमें सभी सादे कागज थे रुमाल में बांधकर उसको दे दिया और वहां से चलते बने।
कुछ सेकेंड के बाद जब उसे एहसास हुआ कि उसके पैसे गायब हो गए हैं, तो उसने इसकी जानकारी दुकानदार को दी। बैंक के बाहर एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को देखने से पता चलता है कि दो व्यक्ति पिंटू को अपने साथ ले जा रहे थे। इस संबंध में पीड़ित ने लहेरियासराय थाने में आवेदन दिया है।








You must be logged in to post a comment.