वार्ड संख्या 3, 4 में इस सड़क की सालों भर बनी रहती है नारकीय स्थिति
मधवापुर, मधुबनी देशज ब्यूरो। मुख्यालय पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 3 एवं 4 में पेठियागाछी से पंचायत भवन होते हुए कन्हैया बहार चौक जाने वाली मधवापुर -ब्रम्हपुरी मुख्य पीएम सड़क बिना बारिश के भी सालों भर जलमग्न रहता है।






इसके कारण यह सड़क सालों भर कीचड़मय बनी रहती है। वहीं, दूसरी ओर इस पथ से आने जाने वाले लोगों को कई तरह की कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। बरसात में तो बारिश का पानी सड़क पर जमा रहता है तो राहगीरों के समझ में आती है।
लेकिन, इस पीएम सड़क किनारे अधूरा पक्का नाला रहने के कारण लोगों के घर से एवं पीछे के मोहल्ले से निकलने वाले पानी का समुचित निकासी नहीं होने की वजह से सुखाड़ के समय में भी यहां बरसात जैसी स्थिति बनी रहती है।
नाक बंद कर गुजरते हैं लोग :
लोगों के घर आंगन से निकलने वाले गंदे पानी के जमाव एवं कीचड़ और इसके सड़ान्ध से उठने वाली दुर्गंध से मोहल्लेवासी का जीना मुहाल हो गया है। इसके साथ ही इस पथ से गुजरने वाले राहगीर जलजमाव वाली करीब तीन सौ फीट की दूरी नाक बंदकर जल्दी से पार करते हैं।
इस जलजमाव एवं सड़ान्ध से वार्ड वासी सहित आसपास के मोहल्ले में कई तरह की संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। वार्ड संख्या 3 एवं 4 के निवासियों के दिलों दिमाग में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों का खौफ मंडराता रहता है। जलजमाव के कारण इस दूरी में काई की मोटी परत जमी हुई है। जिसके कारण इस सड़क से पैदल, साइकिल या अन्य दो पहिया वाहन से गुजरने वाले राहगीर आए दिन कीचड़ में फिसलकर गिरते रहते हैं और दुर्घटना के शिकार होते रहते हैं। जबकि पैदल राहगीरों के लिए यह दूरी तय करना वैतरणी नदी पार करने से ज्यादा कठिन बना रहता है।
बताते चलें कि इस सड़क किनारे तत्कालीन जिला परिषद् कुमारी देवी के द्वारा गत पंचवर्षीय में अधूरे नाले का निर्माण भी किया गया है। लेकिन, स्थानीय लोगों की हठधर्मिता के कारण इस नाले का औचित्य सही साबित नहीं हो सका है। नाले का पानी जिधर से होकर खेतों से बाहर निकल जाता था वहां अतिक्रमण कर उसे भर दिया गया है। वहीं कुछ लोग सड़क के दूसरे किनारे बसे लोगों को इस पार के नाले में पानी नहीं गिराने दे रहे हैं। जिसके कारण कई घरों का पानी सड़क पर ही बह रहा है।
इन कारणों से मुख्यालय पंचायत के पेठियागाछी बाजार को सुतापट्टी रोड बाजार से जोड़ने वाली इस मुख्य सड़क के काफी महत्वपूर्ण होने के बाद भी वर्षों से खड़ी इस गंभीर समस्या का आजतक निदान नहीं हो सका है। जिससे यहां के स्थानीय ग्रामीण वर्षों से जलालत भरी जिंदगी जीने को विवश हैं।
स्थानीय ग्रामीण समाजसेवी गणेश साह, भाजपा के नंद किशोर प्रसाद, प्रकाश कुमार सहित कई लोगों ने शिकायत करते हुए कहा है कि उनलोगों ने स्थानीय पूर्व एवं वर्तमान जन प्रतिनिधियों से इस समस्या पर पहल करने के लिए कई बार आग्रह किया है। लेकिन, कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। हालांकि, वार्ड संख्या 4 के वार्ड सदस्य जीतते ही अपने हाथ से पानी उपछकर बहाया था। लेकिन, पानी निकासी की व्यवस्था नहीं रहने के कारण फिर वही स्थिति हो गई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से नासूर बनी इस गंभीर समस्या निदान के लिए पहल करने की मांग की है।
कहते हैं प्रतिनिधि :
जिला परिषद् लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि स्थानीय कुछ लोग सड़क के दूसरे तरफ बसे लोगों के घरों के पानी नाले में नहीं बहाने दे रहे हैं। वहीं, नाला का मुहान अतिक्रमण कर लिया गया है। जिसके कारण सड़क पर जलजमाव रहता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से हठधर्मिता त्यागकर सार्वजनिक हित को प्राथमिकता देने की अपील की।








