आकिल हुसैन मधुबनी देशज टाइम्स। गांधी सेना व हुसैन मिल्लत कमेटी के संयुक्त बैनर में बड़ा बाजार चौक से आतंकवाद व पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश मार्च अंजुमन इत्तेहाद मिल्लत के संरक्षक मो.अमानुल्लाह खान के नेतृत्व में निकाला गया। आक्रोश मार्च थाना मोड़ पर आकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान व आतंकी हाफिज सइद का पुतला फूंका। मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए अमानुल्लाह खान ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर गुरुवार को हुए हमले में शहीद जवानों की शहादत का शोक देश ही दुनिया में भी है।
श्री खान ने कहा आतंकवादी हाफिज सइद व मसूद अजहर जैसे को पाकिस्तान पनाह देकर पूरी दुनिया में अपनी कब्र खोद रहा है। जब से इमरान खान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने हैं तब से भारत में आतंकी गतिविधि बढ़ गयी है जो बहुत शर्म की बात है। उन्होने देश के प्रधानमंत्री से मांग करते हुए कहा कि आतंकियों व पाकिस्तान को इसका जवाब जरूर दें।
आप के साथ देश का पूरा मुसलमान है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि देश के सीआरपीएफ जवानों को खुली आजादी दें ताकि पाकिस्तान व आतंकवाद के खिलाफ खुलकर सीआरपीएफ जवान मुकाबला करें। इस अवसर पर मो.अली, जमील अंसारी, झुन्ना खान, जय कुमार झा, मनोज मिश्रा, मो. हीरा, मो. चांद, मो. साबिर, गुलाम मुस्तुफा, मो. तमन्ना, सुनील पूर्वे, मो. इतेयाज सहित काफी संख्या में लोग मार्च में शामिल थे। दूसरी ओर, मदरसा तार्जुसर्या को छात्रों ने पाकिस्तान व आतंकवाद के खिलाफ कैंडिल मार्च निकाला व पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए।









You must be logged in to post a comment.