मधुबनी, खबरयुग। साहरघाट पुलिस ने होली के ऐन मौके पर भारी मात्रा में नेपाली अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वैस, दो आरोपी फरार हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने दो बाइक व एक साइकिल भी जब्त करते हुए 378 बोतलों में पैक कुल 220 लीटर शराब बरामद कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जब्त शराब में 158 बोतल नेपाली अंग्रेजी व 220 बोतल देसी शामिल है।
यह कार्रवाई एसडीपीओ पुष्कर कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने बसबरिया चौक पर वाहन जांच व गांव में छापेमारी के दौरान की। सबसे पहले बसबरिया चौक से साइकिल पर चालीस बोतल शराब लेकर जाते हुए एक धंधेबाज को पुलिस ने दबोचा। आरोपी साहरघाट थाना क्षेत्र के रतौली गांव के अघोरी राम की निशानदेही पर पुलिस ने बसबरिया गांव में छापेमारी की। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों को बड़ी मात्रा में दो बाइकों पर लदी नेपाली अंग्रेजी शराब की खेप मिली। वहां मिली शराब से संबंधित दोनों धंधेबाज मौका पा कर भाग निकले। मौके पर थानाध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, मो. समीम अहमद खान, त्रिवेणी सिंह, रामसागर राम, राजकिशोर पासवान मौजूद थे।








You must be logged in to post a comment.