बेगूसराय,देशज टाइम्स। बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र के विसौआ में बुधवार को बालू खनन में लगे हाइवा ट्रक की चपेट में आने से एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दो हाइवा ट्रक को आग के हवाले कर दिया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर भी पथराव किया। पुलिस ने आश्रु गैस के गोले चलाकर लोगों को खदेड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस और खनन माफिया की साठगांठ से रोजाना सैकड़ों ट्रक गंगा से बालू और मिट्टी का खनन किया जा रहा है।
खनन में लगे हाइवा चालक अनियंत्रित व तेज रफ्तार से चलते हैं जिससे अक्सर हादसेे होते रहतेे हैंं। बताया गया कि स्थानीय निवासी सुरेश कुंवर के पंद्रह वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक हाइवा ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने दो हाइवा ट्रक में आग लगा दी , जिसमें एक व्यक्ति के झुलसने की भी खबर है। घटना की सूचना पाते ही तेघड़ा एसडीओ डॉ. निशान्त, डीएसपी आशीष आनंद, थाना प्रभारी शरत कुमार मौके पर पहुंच गए और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
मामला सुलझाने के प्रयास के दौरान उग्र ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। काफी देर तक पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई पत्थरबाजी में दोनों ओर से करीब आधे दर्जन लोग घायल हुए हैं। बाद में पुलिस ने कई राउंड आश्रु गैस के गोला छोड़कर भीड़ पर काबू पाया गया। फिलहाल घटनास्थल पर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और पुलिस के वरीय पदाधिकारी पड़ताल कर रहे हैं। 








You must be logged in to post a comment.