हनुमाननगर, देशज टाइम्स। बुधवार का दिन हनुमाननगर के लिए अमंगल साबित हुआ। कारण, मंगल की रात भूमि विवाद में भाई ने भाई की हत्या कर दी। भाई की लाठी से पीट-पीटकर निर्मम हत्या की जानकारी पूरे इलाके में फैलते ही सनसनी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद पीडि़त परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। घटना विशनपुर थानाक्षेत्र के डीहरामपुर गांव की है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात इलाके में स्थानीय गांव निवासी स्व. सहदेव कुंवर के पैंतालीस वर्षीय पुत्र निर्मल कुंवर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद हमलावर भाई भागने में सफल रहा। जानकारी के अनुसार, छोटा भाई सुशील कुंवर अपने बड़े भाई निर्मल कुंवर से जमीन बंटवारे की मांग करता था। इसी बात को लेकर हमेशा घर में विवाद होता था। मंगलवार को भी दोनों भाइयों में विवाद हुआ। इसी दौरान छोटे भाई ने डंडा से पिटाई शुरू कर दी। गंभीर स्थिति में निर्मल को डीएमसीएच ले जाया गया लेकिन, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वैसे, हत्या के संबंध में कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। यही कारण है कि पुलिस चाहकर भी कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही है। थानाध्यक्ष मुकेश मंडल ने बताया कि मृतक के मुंह से झाग व नाक से खून आ रहा है। फिलहाल कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।








You must be logged in to post a comment.