दरभंगा, देशज टाइम्स। समाहरणालय अवस्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में ज़िला पदाधिकारी त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए बैठक हुई। इसमें सर्वप्रथम ज़िला कृषि पदाधिकारी समीर कुमार की ओर से जानकारी दी गई कि इस योजना में दो हेक्टेयर से कम कृषि योग्य भूमि वाले किसानों को सालाना छह हजार रुपए की राशि तीन किस्तों में दी जाएगी।
प्रत्येक तीन माह पर दो हजार दिए जाएंगे। इसके लिए उनका डी बी टी पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। जिनका पंजीकरण पूर्व से है, वे इस योजना के लाभ के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। यह आवेदन साइबर कैफे , सुविधा केंद्र, प्रखंड कृषि कार्यालय के माध्यम से कर सकते हैं। प्रखंड कृषि पदाधिकारी से इस योजना के लिए आवेदक की पात्रता आदि की जानकारी ली जा सकती है। आयकर दाता, संवैधानिक पदों पर आसन्न अथवा पूर्व में आसन्न नागरिक, सी ग्रेड या उससे ऊपर के सरकारी कर्मी इत्यादि को इस योजना के लाभ के लिए अपात्र माना गया है। यह योजना किसानों को पूर्व से मिल रहे किसी भी लाभ के अतिरिक्त सहयोग के लिए चलाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि हमारे किसानों से ज्यादा वंचित कोई नहीं, इसलिए उन्हें हर प्रकार से सभी देय लाभ दिलाने का प्रयास दृढ़ता से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रखंड कृषि समन्वयक, कृषि सलाहकार के माध्यम से इस योजना का प्रचार प्रसार किया जाय, माइकिंग से भी प्रचार किया जाए। वहीं, एक सप्ताह से दस दिन के अंदर अभियान चलाकर सभी योग्य लाभुकों को इसका लाभ दिलाया जाए। सभी योग्य किसानों का पंजीकरण कराते हुए इस योजना के लाभ के लिए आवेदन प्राप्त किए जाएं।
इसके लिए साइबर कैफे से भी समन्वय स्थापित कर आवेदन प्राप्त किया जाय। प्रत्येक बुधवार व शनिवार को अंचलाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर उसका निष्पादन करेंगे। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। सभी प्रखंड में कृषि पदाधिकारी आवेदन प्राप्त करने के लिए बैनर के साथ एक काउंटर अवश्य लगाएंगे। बैठक में अपर समाहर्त्ता मोबिन अली अंसारी , निदेशक, आत्मा, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी व जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रविशंकर तिवारी भी उपस्थित थे।








You must be logged in to post a comment.