बेगूसराय, देशज टाइम्स। जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात शराब के चक्कर में एक स्कार्पियो चालक ने दो लोगों को कुचल दिया। दोनों की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे दोनों शवों को कारीचक चौक पर रखकर बेगूसराय-वीरपुर पथ पर यातायात जाम कर दिया। पुलिस ने बहुत मुश्किल से प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया है।
पुलिस के अनुसार मृतकों में वभनगामा निवासी दीपक कुमार सिंह और कारीचक निवासी मो. बदरुल जमा शामिल हैं। वभनगामा का एक युवक सोमवार की रात करीब दस बजे बगैर नंबर की स्कॉर्पियो लेकर कारीचक चौक आया। यहां उसे शराब लेनी थी, लेकिन दुकानदार से शराब के दाम को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में स्कॉर्पियो चालक ने वाहन से दुकानदार को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जगह बगल के पान की दुकान पर खड़े दीपक और बदरुजमा चपेट में आ गए। उन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना तुरंत लोगों ने पुलिस को दी, लेकिन थाना वीरपुर और थाना सिघौंल पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।कई अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद थाना वीरपुर पुलिस रात करीब दो बजे घटनास्थल पर पहुंची। इससे लोग नाराज हो गए। उन्होंने मंगलवार को सुबह होते ही दोनों शवों को बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जाम में फंसी पुलिस बस में भी कुछ लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की। चालक ने बड़ी मुश्किल से जान बचाई। कुछ असमाजिकतत्वों ने बस में आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय बुद्धिजीवियों की सूझबूझ से मामला शांत हो गया। सीओ विजय कुमार तिवारी मौके पर आए। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को आपदा कोष से चार-चार लाख, पारिवारिक लाभ एवं अन्य संभव सुविधाएं देने का वादा किया। तब कहीं जाकर लोगों ने जाम समाप्त किया।
इस बीच एएसपी अभियान अमृतेश कुमार, सदर डीएसपी राजन सिन्हा एवं सदर एसडीओ संजीव कुमार चौधरी बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर आ चुके थे। पुलिस ने बताया है कि आरोपित की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सह बेगूसराय नगर विधायक अमिता भूषण खबर पाकर रात में ही आ गई थीं। उन्होंने भी मृतक के परिजनों से मिलकर हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। साथ ही समय पर पुलिस के नहीं पहुंचने को लेकर सुशासन पर सवाल उठाया है।








You must be logged in to post a comment.