Bihar Amrit Bharat Express: बिहार के भागलपुर और अहमदाबाद के बीच सीधी रेल सेवा का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 28 अगस्त से बिहार के भागलपुर से अहमदाबाद के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो जाएगा। मालदा और भागलपुर रेल मंडल के अधिकारियों ने इस ट्रेन के संचालन के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
इस नई ट्रेन के शुरू होने से भागलपुर सहित आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों को अहमदाबाद आने-जाने में सुविधा होगी। गुजरात में कारोबार, रोजगार या अन्य कामों के लिए जाने वाले व्यापारियों और दूसरे यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। टिकट बुकिंग भी जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।
भागलपुर से हर शुक्रवार शाम 4:45 बजे चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस
ट्रेन संख्या 19424 भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस 28 अगस्त से हर शुक्रवार को भागलपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन शाम 4:45 बजे भागलपुर से खुलेगी। वापसी में, यह ट्रेन रविवार सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
वहीं, अहमदाबाद से भागलपुर के लिए ट्रेन संख्या 19423 अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन 26 अगस्त से शुरू होगा। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से शाम 6:30 बजे चलेगी और शुक्रवार सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। इस तरह, यात्रियों को सप्ताह में एक दिन भागलपुर और अहमदाबाद के बीच सीधी अमृत भारत एक्सप्रेस की सुविधा उपलब्ध होगी।
36 घंटे में तय होगा 1976 किलोमीटर का सफर, जानें कोच की जानकारी
अमृत भारत एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में लगभग 1976 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जिसमें करीब 36 घंटे का समय लगेगा। इस ट्रेन का मेंटेनेंस अहमदाबाद में किया जाएगा।
ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे, जिनमें 11 शयनयान (स्लीपर), आठ सामान्य (जनरल), एक भोजनयान (पेंट्री कार) और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं। शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच होने के कारण अलग-अलग वर्ग के यात्रियों को यात्रा के कई विकल्प मिलेंगे।
इन महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस
भागलपुर और अहमदाबाद के बीच चलने वाली यह ट्रेन कई महत्वपूर्ण शहरों और रेलवे स्टेशनों पर ठहराव लेगी, जिससे मार्ग में पड़ने वाले यात्रियों को भी फायदा होगा। इसके प्रमुख स्टॉपेज इस प्रकार हैं:
- आणंद
- छायापुरी
- गोधरा
- दाहोद
- रतलाम
- भवानी मंडी
- रामगंज मंडी
- कोटा
- सवाई माधोपुर
- गंगापुर सिटी
- हिंडौन सिटी
- बयाना
- ईदगाह आगरा
- टूंडला
- गोविंदपुरी
- सूबेदारगंज
- पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन
- बक्सर
- आरा
- दानापुर
- पटना
- बख्तियारपुर
- मोकामा
- किऊल
- अभयपुर
- जमालपुर
- सुल्तानगंज
रेल अधिकारियों ने परिचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। अगले दो दिनों में टिकट बुकिंग भी शुरू होने की संभावना है, जिससे यात्री अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे।







