Darbhanga Crime News: प्रभास रंजन दरभंगा। बिहार के दरभंगा में एक पड़ोसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया है। बीती रात लहेरियासराय थाना क्षेत्र के खाजसराय मोहल्ले में हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दीपू साहनी नामक युवक को बेतहाशा चाकू मारे गए, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। बीच-बचाव करने आए दीपू के भाई दिलीप साहनी और अनिल मंडल को भी चाकू लगे। आनन-फानन में सभी घायलों को दरभंगा के डीएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां दीपू साहनी ने दम तोड़ दिया।
एसएसपी ने खुद संभाली कमान, आरोपी हिरासत में
घटना की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी देर रात खुद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने डीएमसीएच अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना और पूरे मामले की जानकारी ली। एसएसपी रेड्डी ने संबंधित थाना पुलिस को त्वरित जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया है। उनके दिशा-निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल कई लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया, ‘खाजसराय में आपसी कुछ विवाद की वजह से एक पड़ोसी का दूसरे के साथ लड़ाई झगड़ा हो गया, इसी में चाकूबाजी की घटना हुई है जिसमें कुछ लोग घायल हैं जबकि एक युवक की मौत हो गई है। घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है, लोगों ने बताया है आपसी कुछ विवाद था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हमला में शामिल कुछ लोगों को पुलिस ने फिलहाल रात में ही हिरासत में लिया है, अभी जांच जारी है।’
घायल ने बयां किया दर्द, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
चाकूबाजी में घायल अनिल मंडल ने बताया कि उनका घटना से कोई लेना-देना नहीं था। वे रात को अपने घर के अंदर थे, लेकिन जब मारपीट शुरू हुई तो वे बीच-बचाव करने के लिए झड़प के बीच आए। इसी दौरान उन्हें भी चाकू लग गया। मृतक दीपू साहनी के भाई दिलीप साहनी के पेट में चाकू लगा है, जबकि अनिल मंडल के हाथ और शरीर के अन्य अंगों पर चोट आई है। दोनों का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है।
अनिल कुमार मंडल ने कहा, ‘मुझे घटना से कुछ लेना-देना नहीं था। मैं रात को अपने घर के अंदर था, लेकिन जब मारपीट शुरू हुई तो मैं बीच-बचाव करने झड़प के बीच आया था। इसी में चाकूबाजी होने लगी और मुझे भी चाकू लग गया, जबकि कई लोग चाकूबाजी में घायल हुए और दीपू साहनी की चाकूबाजी के कारण मौत हो गई है।’
मृतक दीपू साहनी की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी एक तीन-चार महीने की छोटी बेटी भी है। दीपू के पिता का निधन पहले ही हो चुका है। इलाके में फिर से कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सुबह से ही घटनास्थल पर भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच अस्पताल भेज दिया गया है। लोगों द्वारा हमलावर की पहचान करण के रूप में की गई है, हालांकि पुलिस प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।








You must be logged in to post a comment.