Baheri Crime: Darbhanga CRIME रेलटेल कंपनी के कर्मियों को हथियार दिखाकर मांगी 1 लाख रंगदारी! धमकाया, सेटिरिंग तोड़ी, बदमाशों से भिड़े कर्मचारी, छीनी पिस्टल, फिर क्या हुआ?रेलटेल कंपनी में कार्यरत हरिनगर गांव के मनोज कुमार यादव ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है।थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने कालीचरण यादव के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार पाया गया। पढ़िए विस्तार से
बहेड़ी में चौंकाने वाली वारदात
दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। कुंवर रंजीत गांव में रेलटेल कंपनी के कर्मचारियों से पिस्तौल दिखाकर एक लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी भी दी, लेकिन कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाते हुए एक अपराधी से उसकी पिस्टल छीन ली। यह घटना दिन के एक बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है।
रंगदारी के लिए पिस्तौल दिखाकर धमकाया, सेटिरिंग तोड़ी
रेलटेल कंपनी में कार्यरत हरिनगर गांव के मनोज कुमार यादव ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे कुंवर रंजीत हाई स्कूल में लैब रूम बनवाने का काम कर रहे थे। घटना के दिन जब मजदूर काम कर रहे थे, तभी कुंवर रंजीत गांव का कालीचरण यादव उर्फ राजन यादव अपने दो-तीन साथियों मायाशंकर यादव, बलदेव यादव और जोरजा गांव के गुफरान अंसारी के साथ मौके पर पहुंचा। इन सभी के पास देशी कट्टे थे और उन्होंने रंगदारी मांगने के नाम पर धमकाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद कालीचरण यादव वहां से चला गया, लेकिन एक अज्ञात व्यक्ति ने आकर धमकी दी कि अगर रंगदारी नहीं दी तो गोली मार दी जाएगी। इसके बाद आरोपियों ने काम में लगी सभी सेटिरिंग को भी तोड़फोड़ दिया।
कर्मचारियों ने दिखाई बहादुरी, छीन ली पिस्टल
कुछ देर बाद, जब मनोज कुमार यादव के मुंशी कुंदन कुमार यादव और ड्राइवर अमरजीत कुमार अपने घर जा रहे थे, तभी हरिनगर स्कूल के पास कालीचरण यादव ने अपने तीन-चार साथियों के साथ उन्हें घेर लिया। उसने कहा कि जैसा वे कह रहे हैं वैसा ही करो, नहीं तो एक लाख रुपए रंगदारी में दे दो। जब मुंशी और ड्राइवर ने इसका विरोध किया, तो कालीचरण यादव ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर उन्हें और अन्य स्टाफ को धमकी दी। उसने कहा कि उसका बहुत बड़ा गैंग है और सबको उसकी बात माननी पड़ेगी। इसके बाद आरोपियों ने स्टाफ पर बंदूक तान दी। कर्मचारियों ने बहादुरी दिखाते हुए कालीचरण यादव से बंदूक छीन ली और जोर से चिल्लाया कि ‘गोली मार रहा है!’ शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिसके बाद कालीचरण यादव हाथ छुड़ाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने की छापेमारी, नाबालिगों की संलिप्तता का वीडियो साक्ष्य
इस घटना की सूचना तत्काल स्थानीय बिहार पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने कालीचरण यादव के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार पाया गया। कर्मचारियों द्वारा छीनी गई पिस्टल पुलिस को सौंप दी गई है। मनोज कुमार यादव ने यह भी आरोप लगाया है कि इस घटना में दो-तीन नाबालिग भी शामिल थे, जिसका वीडियो साक्ष्य उनके पास उपलब्ध है। थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने पुष्टि की है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।







