Darbhanga land dispute: प्रभास रंजन दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में एक बार फिर जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया है। बिशनपुर थाना क्षेत्र की पंचोभ पंचायत में निर्माणाधीन एम्स के ठीक बगल में विकसित हो रही निजी स्मार्ट सिटी की 8 कट्ठा जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। इस हिंसक झड़प में एक युवा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में डीएमसीएच ले जाया गया और फिर अललपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गोलीबारी की इस घटना का लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वारदात की भयावहता साफ दिख रही है। जानकारी के अनुसार, करीब 30 से 40 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें लहेरियासराय थाना क्षेत्र के इमाम बारी मोहल्ले का रहने वाला विजय भगत नाम का युवक गर्दन के पास गोली लगने से जख्मी हो गया। यह घटना तब हुई जब एक पक्ष अपनी जमीन पर चहारदीवारी करवा रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने वहां पहुंचकर निर्माण कार्य तोड़ने का प्रयास किया।
जमीन विवाद में खूनी खेल, तोड़फोड़ और फायरिंग
दोनों पक्षों के बीच पहले मारपीट हुई और फिर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू हो गई। हमलावरों ने पास खड़ी दो बाइकों को भी लाठी-डंडों से बुरी तरह तोड़ दिया। घटनास्थल के बगल में एक जमीन ब्रोकर का कार्यालय है, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। कुछ उपद्रवी उनके कार्यालय पर पहुंचे और सीसीटीवी के डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) को निकालने के लिए दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुल पाया। बाहर रखी कई कुर्सियों को भी लाठी-डंडों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस के आने की सूचना मिलते ही सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
हनुमान नगर प्रखंड के मुखिया राम जी राम ने बताया, ‘यह जमीन उनका है। दोनों पक्ष से हंगामा होने लगा तो उन्होंने बिशनपुर थानाध्यक्ष को सूचना दी।’ वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों का आरोप है कि जमीन उनका है लेकिन पहले पक्ष के लोग जबरदस्ती कब्जा करना चाहते हैं।
6 महीने से चल रहा था विवाद, भूमाफियाओं की भूमिका संदिग्ध
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस 8 कट्ठा जमीन को लेकर पिछले 6 महीने से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। एम्स जैसी बड़ी परियोजना के बगल में होने के कारण इस इलाके की जमीन की कीमतें काफी अधिक हैं। इस जमीन विवाद में कथित तौर पर भूमाफियाओं के नेटवर्क की बात भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
घायल विजय भगत को पहले डीएमसीएच ले जाया गया था। लहेरियासराय थानाध्यक्ष चन्द्रकान्त गौरी ने घायल विजय भगत का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विजय भगत पर किन-किन थानों में कितने आपराधिक मामले दर्ज हैं, इसकी भी तहकीकात कर रही है। साथ ही, घटनास्थल पर मौजूद सभी लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, प्रभारी सदर एसडीपीओ 1 एसके सुमन सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही जमीन विवाद से जुड़े सभी लोग फरार हो चुके थे। हैरान करने वाली बात यह है कि 30-40 राउंड गोली चलने की बात कही जा रही है, लेकिन पुलिस को घटनास्थल से एक भी खोखा बरामद नहीं हुआ है।
बेलवागंज अंधेरियाबाग के रहने वाले सौरभ कुमार ने बताया कि वह विजय भगत के साथ सैदनगर में एक चाय की दुकान पर बैठे हुए थे, तभी एक व्यक्ति आया और उसने विजय भगत के गले के पास गोली मारकर फरार हो गया। प्रभारी एसडीपीओ 1 ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







