Darbhanga LNM University: दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (लनामिवि) के शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई सिंडिकेट की महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षकों के रुके हुए वेतन और पदोन्नति को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। इन फैसलों से विश्वविद्यालय के शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। बैठक में विश्वविद्यालय से संबद्ध 34 कॉलेजों के प्रतिनिधियों की नियुक्ति और कंप्यूटर लैब के लिए बजट को भी हरी झंडी मिली।
कुलपति प्रो संजय कुमार चौधरी के आवासीय कार्यालय में यह बैठक हाइब्रिड मोड में आयोजित हुई। इसमें ऑफलाइन माध्यम से प्रो हरि नारायण सिंह, डॉ बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’, प्रो धनेश्वर प्रसाद सिंह, मीना झा, प्रो अशोक कुमार मेहता, प्रो विजय कुमार यादव, डॉ गजेन्द्र प्रसाद और प्रो दिलीप कुमार चौधरी शामिल हुए। वहीं, ऑनलाइन मोड में डॉ शिखर वासिनी और डॉ अमर कुमार ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक की शुरुआत प्रभारी कुलसचिव सह सिंडिकेट सदस्य प्रो अशोक कुमार मेहता ने की।
शिक्षकों के रुके वेतन पर कुलपति का बड़ा फैसला
सिंडिकेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिली। सर्वसम्मति से 30 अगस्त को हुई सिंडिकेट बैठक, 22 सितंबर को संपन्न विद्वत परिषद् की बैठक और 23 सितंबर को आयोजित वित्त समिति की बैठक के कार्यवृत्त की संपुष्टि व अनुमोदन किया गया। विश्वविद्यालय के अंतर्गत सभी 34 संबद्ध कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामित विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों से संबंधित अधिसूचना को घटनोत्तर स्वीकृति दी गई।
प्रो हरि नारायण सिंह की मांग पर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग, पटना की अनुशंसा पर नियुक्त कुछ शिक्षकों के रुके हुए वेतन को जांच पूरी होने तक नियमित रूप से देने पर सहमति बनी। प्रो सिंह के साथ डॉ बैद्यनाथ और प्रो मेहता ने भी कुलपति के इस सकारात्मक और उदारतापूर्ण कदम की सराहना की। उन्होंने आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए वेतन शीघ्र जारी करने का समर्थन किया, जिस पर कुलपति ने सहमति जताई।
कुलपति ने जांच समिति के पुनर्गठन के लिए प्रो मेहता को निर्देश दिया और जांच प्रक्रिया को यथाशीघ्र पूरा करने को कहा। मीना झा ने सिंडिकेट से पारित सभी निर्णयों के अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
पदोन्नति और परीक्षा भवन निर्माण को भी मंजूरी
शिक्षकों की पदोन्नति को लेकर भी बैठक में अहम घोषणा हुई। डॉ बैजनाथ चौधरी ‘बैजू’ की मांग पर कुलपति ने बताया कि दुर्गा पूजा से पहले पदोन्नति पाने वाले सभी शिक्षकों की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। यह खबर शिक्षकों के लिए उत्सव से पहले एक बड़ा तोहफा साबित होगी।
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए, विश्वविद्यालय और अंगीभूत महाविद्यालय परिसर में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा परीक्षा भवन और वज्रगृह के निर्माण की मांग पर भी सिंडिकेट ने अपनी सहमति दे दी। इसके अलावा, डॉ एपीजे अब्दुल कलाम डब्ल्यूआईटी, दरभंगा की मैनेजिंग काउंसिल की 30 जुलाई को हुई बैठक में विभिन्न विभागों के लिए कंप्यूटर प्रयोगशाला की स्थापना हेतु स्वीकृत बजट का भी सिंडिकेट ने अनुमोदन किया। प्रो अशोक कुमार मेहता के धन्यवाद ज्ञापन के बाद अध्यक्ष की अनुमति से बैठक समाप्त हुई।







