Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बिहार के जाले स्थित मलिकपुर गांव में दिनदहाड़े एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से लूटपाट की सनसनीखेज वारदात हुई है। बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर कर्मी से 33,250 रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

यह घटना 11 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे कछुआ पंचायत के मलिकपुर गांव में हुई। सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र निवासी संतोष कुमार, जो पुपरी स्थित एक फाइनेंस कंपनी की शाखा में पिछले नौ महीने से फील्ड वर्कर के तौर पर कार्यरत हैं, वारदात के शिकार हुए। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे खरपट्टी और बघारी से कलेक्शन करने के बाद मलिकपुर पहुंचे थे।

पिस्टल सटाकर छीना बैग, की फायरिंग
संतोष कुमार के मुताबिक, वह कलेक्शन के 33,250 रुपये एक काले रंग के पिट्ठू बैग में रखकर छोटी मलिकपुर से बड़ी मलिकपुर जा रहे थे। मलिकपुर गांव में ठाकुर जी के मकान के पास नीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें अचानक रोक लिया। एक अपराधी ने उनकी कनपटी पर पिस्तौल सटा दी, जबकि दूसरे ने उनकी पीठ पर टंगा बैग झपट लिया। इस बैग में कलेक्शन के सारे रुपये और उनका मोबाइल फोन मौजूद था।
पीड़ित संतोष कुमार ने बताया कि जब उन्होंने लूट का विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तो अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों बदमाश पश्चिम दिशा की ओर तेजी से फरार हो गए। पीड़ित ने अपने आवेदन में दोनों हमलावरों की उम्र लगभग 23 और 24 वर्ष बताई है।
पुलिस कर रही मामले की छानबीन
घटना के तुरंत बाद, संतोष कुमार ने जाले थाने में पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी और प्राथमिकी दर्ज कराई। थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने इस मामले पर कार्रवाई करते हुए बताया कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस घटना से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।







