Bihar Drug Bust: मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूर्वी चंपारण जिले में एसटीएफ और सुगौली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लगभग 40 लाख रुपये की चरस जब्त की है। इस दौरान तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से नेपाली सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना और उसके नेपाल कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।

सदर-1 के एसडीपीओ दिलीप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर की रात मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने संदिग्धों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी।
रक्सौल से सुगौली स्टेशन पहुंचा तस्कर, बंगरा ओवरब्रिज पर दबोचा
एसटीएफ नारकोटिक्स सेल, पटना को 2 नवंबर की रात करीब 8:40 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रक्सौल से ट्रेन के माध्यम से सुगौली रेलवे स्टेशन पहुंचने वाला है। आशंका थी कि उसके पास नेपाल से तस्करी कर लाई गई चरस की बड़ी खेप है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में सुगौली अंचल पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार, थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवान बंगरा ओवरब्रिज के पास वाहन जांच में जुट गए।
जांच के दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पीछा कर पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर झोले से चार पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 1.970 किलोग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ रखा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। मौके से दो मोबाइल फोन और तीन नेपाली सिम कार्ड भी जब्त किए गए।
तीन गिरफ्तार, नेपाल कनेक्शन की तलाश तेज
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान तस्करी में संलिप्त दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में कुल तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं।
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया, ‘पूछताछ के दौरान मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले सिंडिकेट के मुख्य सरगना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस इस जानकारी के आधार पर आगे की जांच कर रही है। तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए भी प्रयास जारी हैं।’
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के हरपुर थाना क्षेत्र के नायक टोला गांव निवासी 35 वर्षीय गुड्डू साह, रक्सौल थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी 55 वर्षीय रामबालक बैठा और पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र के निवासी 55 वर्षीय डोरा राय के रूप में हुई है। डोरा राय का वर्तमान पता नेपाल के बीरगंज स्थित गंडक चौक बताया गया है, जो इस मामले में नेपाल कनेक्शन को और पुख्ता करता है।
चरस कहां से आई और किसे जानी थी?
पुलिस की जांच का दायरा अब केवल बरामद मादक पदार्थ की खेप तक सीमित नहीं है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि यह चरस कहां से लाई गई थी, इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। नेपाली सिम कार्ड की बरामदगी भी जांच का एक अहम हिस्सा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के तार जुड़ सकते हैं। इस कार्रवाई में एसडीपीओ दिलीप कुमार, पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार, सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक कृष्ण मुरारी, जिला आसूचना इकाई के कर्मियों और अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नेपाल सीमा से सटे पूर्वी चंपारण में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं। सुगौली में हुई इस बड़ी बरामदगी के बाद अब तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने पर जोर दिया जा रहा है।







