मधवापुर, मधुबनी देशज टाइम्स। सीमा हैदर सहित विभिन्न विदेशियों के भारत नेपाल की खुली सीमा का लाभ उठाकर भारत में प्रवेश करने के मामले मिलने के बाद गृह मंत्रालय के आदेश पर भारत नेपाल सीमा पर सिर्फ वैध ट्रांजिट या कस्टम रूट से ही चार वाहनों की आवाजाही की जा रही है।
जिसके कारण बेटी रोटी के संबंध वाले भारत नेपाल के बॉर्डर एरिया के लोगों को एक देश से दूसरे देश जाने में कठिनाइयां हो रही हैं।






अब इसको लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी मधुबनी को पत्र लिखकर मधवापुर मटिहानी सीमा से निजी चार पहिया वाहनों का आवागमन शुरू करने देने की मांग की है।
पत्र में कहा है कि सदियों से भारत नेपाल का संबंध प्रगाढ़ रहा है, जिसमें निजी चार पहिया वाहन से लोग आते जाते रहे हैं। लेकिन गृह मंत्रालय के आदेश के बाद मधवापुर मटिहानी सीमा से चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
जिससे दोनों देशों के लोगों को काफी मुश्किल हो रही है। इस पत्र की प्रतिलिपि एसएसबी के आईजी, 48 बटालियन के कमांडेंट, क्षेत्रीय विधायक सुधांशु शेखर एवं स्थानीय सांसद अशोक कुमार को भी प्रेषित की गई है।
पत्र लिखने वालों में मधवापुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष चेतन रश्मि, मुखिया राजेश कुमार, सरपंच बलराम झा, शिवकुमार प्रसाद, राकेश नायक, राजेश पूर्वे, नंदकिशोर प्रसाद सहित अन्य लोग शामिल हैं।








