मामला मधवापुर के साहर दक्षिण पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 13 लोमा गांव का
मधवापुर, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। प्रखंड क्षेत्र के साहर उत्तरी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 13 लोमा गांव में बिना भूस्वामी की सहमति के सरकारी राशि से रैयती जमीन में सड़क बनाना संबंधित वार्ड विकास एक प्रबंधन समिति को मंहगा पड़ गया है।






क्या है मामला : लोमा निवासी अवधेश कुमार राय की पत्नी कंचन देवी अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के न्यायालय में गत 24 जनवरी 22 को एक परिवाद दायर कर संबंधित वार्ड विकास एवं प्रबंधन समिति पर नली गली योजनांतर्गत बिना अनुमति एवं सहमति के उनके रैयती जमीन पर पीसीसी सड़क बनाने का आरोप लगाया था।
वादी का कहना है कि उनके पति जीवन यापन के लिए बाहर मजदूरी करते हैं और वह घर पर अपने बच्चों के साथ अकेली रहती है। जिसका नाजायज फायदा उठाते हुए काफी मना करने के बाद भी समिति के अध्यक्ष एवं सचिव छोटे यादव के घर से राजा यादव के घर तक सीएम सात निश्चय योजनांतर्गत बनने वाली पीसीसी सड़क के दौरान जबरन उनकी निजी जमीन पर ढ़लाई कर दिया।
जिसकी शिकायत स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं अंचल पदाधिकारी से की। लेकिन, किसी ने कार्रवाई नहीं की और अपना पल्ला झाड़ लिया। तब जाकर वह लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत अनुमंडल लोक शिकायत पदाधिकारी के यहां परिवाद दायर की। जिसपर कार्रवाई करते हुए लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी किशोर कुमार ने 28 जनवरी 22 को लोक प्राधिकार सह बीडीओ को मामले की जांच कर प्रतिवेदन का निर्देश दिया।
बीडीओ ने अंचल अमीन की मापी एवं सीओ के जांच प्रतिवेदन के आधार पर वादी की पांच कड़ी रैयती जमीन में ढ़लाई करने की बात स्वीकारते हुए प्रतिवेदन दिया कि उक्त स्थल पर सड़क दस कड़ी है। जबकि, ढ़लाई 15 कड़ी में की गई है। जिसपर 8 जुलाई 22 को सुनवाई करते हुए लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी किशोर कुमार ने बीडीओ को संबंधित वार्ड विकास एवं प्रबंधन समिति पर नियमानुकूल कार्रवाई का निर्देश दिया है।
इसपर कार्रवाई करते हुए बीडीओ राजेश कुमार ने तत्कालीन वार्ड सदस्या सागर देवी एवं सचिव दिश कुमार यादव को नोटिस देकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बताते चलें कि उक्त सड़क का निर्माण करीब आठ लाख रुपए से की गई थी। इधर इस फैसले के विरुद्ध वार्ड सदस्य एवं सचिव ने भी इससे जुड़े साक्ष्य के साथ जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के यहां अपील की है।








