Ajinkya Rahane Retirement: अंजिक्य रहाणे, भारतीय टेस्ट बल्लेबाजी की मजबूत दीवार के रूप में पहचाने जाते थे, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। 38 वर्षीय इस अनुभवी बल्लेबाज ने भावुक होकर यह फैसला लिया है। जुलाई 2023 में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेलने के बाद से उनकी भारतीय टीम में वापसी नहीं हो पाई थी, जिसके बाद उन्होंने अपने 12 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को विराम देने का निर्णय लिया।
‘यह आगे बढ़ने का वक्त आ गया है’: रहाणे का भावुक संदेश
अपने संन्यास का ऐलान करते हुए अंजिक्य रहाणे ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए एक वीडियो में अपने दिल की बात कही। उन्होंने बताया कि यह अब वह समय आ गया है जब उन्हें आगे बढ़ना होगा और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा करनी होगी।






‘जिंदगी का सच है कि हर चीज की एक शुरुआत होती है और हर चीज का एक अंत होता है। जब समय आता है तो आपको उसका सम्मान करना होता है और आगे बढ़ना होता है। मैंने हमेशा अपनी बैटिंग में भी टाइमिंग पर ही भरोसा किया है और हमेशा इसकी अहमियत भी समझी है। आज मेरा मानना है कि मेरे आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फार्मैट से रिटायरमेंट का एलान करने का वक्त आ गया है।’
रहाणे ने आगे कहा कि उन्होंने हमेशा अपने देश और अपनी टीम को खुद से ऊपर रखा है और खेल को ईमानदारी से खेला है। उन्होंने अपने साथ खड़े हर शख्स का शुक्रिया अदा करते हुए यह भी स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के तौर पर उनकी पारी भले ही खत्म हो रही हो, लेकिन वे क्रिकेट से दूर नहीं होंगे। अपनी बात कहते-कहते अंजिक्य रहाणे भावुक हो गए।
ऐसा रहा अंजिक्य रहाणे का शानदार करियर
अंजिक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैच खेले, जिनमें उन्होंने 12 शतक और 26 अर्धशतक की मदद से कुल 5077 रन बनाए। उनका उच्चतम स्कोर 188 रन रहा और टेस्ट औसत 38.46 का था। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने छह मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी भी की। खास बात यह है कि उनकी कप्तानी में भारत एक भी टेस्ट मैच नहीं हारा; चार में जीत मिली और दो मैच ड्रॉ रहे। उन्होंने अपने पूरे अंतरराष्ट्रीय करियर में कभी एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं की।
रहाणे ने अगस्त 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 से अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। इसके अगले ही महीने उन्होंने वनडे में भी इंग्लैंड के खिलाफ मौका मिला। टेस्ट क्रिकेट में उन्हें दो साल का इंतजार करना पड़ा और मार्च 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने अपना पहला टेस्ट मैच खेला।
उन्होंने 90 वनडे मैचों में 3 शतक और 23 अर्धशतक के साथ 2962 रन बनाए। वहीं, 20 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में उनके नाम एक अर्धशतक सहित 375 रन दर्ज हैं। हालांकि, आईपीएल और अन्य लीगों सहित 308 टी20 मैचों में उन्होंने कुल 7968 रन बनाए हैं।
आईपीएल में अंजिक्य रहाणे कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस, राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी कई प्रमुख टीमों का हिस्सा रहे हैं।
अंजिक्य रहाणे का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास भारतीय क्रिकेट के एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत है। उन्होंने अपनी धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी और शांत स्वभाव से टीम में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि, वे अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर नहीं दिखेंगे, लेकिन आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में उनकी यात्रा जारी रहने की उम्मीद है।








