Bihar Rain Alert: बिहार में आज शाम से मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है। मौसम विज्ञान विभाग पटना ने राज्य के 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो से तीन घंटों के दौरान इन क्षेत्रों में मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
किन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट?
मौसम विभाग के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में अरवल, औरंगाबाद, बेगूसराय, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और वैशाली शामिल हैं। इन जिलों के कई हिस्सों में विशेष रूप से सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
प्रभावित होने वाले कुछ प्रमुख प्रखंड और इलाके इस प्रकार हैं:
- अरवल: करपी और कलेर
- औरंगाबाद: कुछ प्रखंड
- गया: कई हिस्से
- जहानाबाद: मखदुमपुर और हुलासगंज
- दरभंगा: कुछ इलाके
- नवादा: नवादा, वारिसलीगंज, मेसकौर और हिसुआ
- नालंदा: कई प्रखंड
- पटना: कुछ हिस्से
- पूर्वी चंपारण: मेहसी
- बेगूसराय: बखरी
- मुजफ्फरपुर: कई इलाके
- वैशाली: कई हिस्से
- शिवहर: तरियानी चौक
- समस्तीपुर: कई प्रखंड
- सीतामढ़ी: रून्नीसैदपुर
इन क्षेत्रों में लोगों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।
IMD ने दी क्या चेतावनी और बचाव के उपाय?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने लोगों से इस दौरान पूरी तरह सावधान रहने की अपील की है। बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने के समय खुले मैदानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के पास जाने से बचें।
मौसम विभाग ने कहा, “अगर बहुत जरूरी न हो तो इस दौरान घर से बाहर निकलने से बचना बेहतर है। किसानों को भी खेतों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। खासकर बिजली चमकने के समय सुरक्षित जगह पर रहना जरूरी है, क्योंकि कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली और तेज हवा के साथ बारिश होने की आशंका है।”
यह अलर्ट 17 अगस्त की शाम से अगले कुछ घंटों के लिए प्रभावी रहेगा। स्थानीय प्रशासन को भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे मौसम संबंधित अपडेट्स पर नजर रखें और सुरक्षित रहें।







