Bihar Tender Scam: विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले में अपनी जांच को तेज कर दिया है। ठेकेदार रिशुश्री के कई अहम खुलासे सामने आने के बाद अब इस मामले से जुड़े बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। SVU ने इस घोटाले में शामिल कई सरकारी अफसरों और कर्मियों की मुश्किलें बढ़ाने वाली पूछताछ पूरी कर ली है।
जांच एजेंसी ने सबसे पहले इस मामले के मुख्य आरोपी ठेकेदार रिशुश्री को गिरफ्तार किया था। रिमांड पर लेकर उससे 30 घंटे से अधिक समय तक गहन पूछताछ की गई। इस दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच रिपोर्ट में लगे आरोपों को लेकर SVU के अधिकारियों ने कई सवाल पूछे। रिशुश्री ने ED के कुछ तथ्यों को नकारा, जबकि कई महत्वपूर्ण बातों को स्वीकार किया।






IAS अधिकारियों पर शिकंजे की तैयारी
रिशुश्री के खुलासों के बाद अब तीन IAS अधिकारियों पर विशेष निगरानी इकाई का शिकंजा कसने वाला है। इनमें चर्चित IAS संजीव हंस, अभिलाषा कुमारी शर्मा और योगेश कुमार सागर शामिल हैं। संजीव हंस इस कांड (05/2025) में नामजद अभियुक्त हैं। SVU ने पहले ही उनके आवास और कार्यालय पर दबिश दी थी और उन्हें फरार बताया था।
संजीव हंस के वकील का कहना है कि IAS अधिकारी दिल्ली में अपने पिता का इलाज करा रहे हैं।
राज्य सरकार ने इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपी IAS अधिकारियों, अभिलाषा कुमारी शर्मा और योगेश कुमार सागर को निलंबित कर दिया है। SVU की टीम उनके ठिकानों पर भी छापेमारी कर चुकी है। जांच इकाई अब इन तीनों IAS अधिकारियों को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का कानूनी नोटिस जारी कर सकती है। यदि नोटिस के बावजूद वे उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनकी गिरफ्तारी भी संभव है।
अन्य गिरफ्तारियां और आगे की कार्रवाई
विशेष निगरानी इकाई अब रिशुश्री के सहयोगी संतोष कुमार और पहले से गिरफ्तार तीन सरकारी अधिकारियों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। इनमें बिप्रसे अधिकारी मुमुक्षु कुमार चौधरी, कार्यपालक अभियंता उमेश कुमार सिंह और रिटायर मुख्य अभियंता तारिणी दास शामिल हैं। इन सभी से एक-एक कर या सामूहिक रूप से रिमांड पर लेकर पूछताछ हो सकती है। इसके लिए न्यायालय से अनुमति मांगी जा रही है और सवालों की सूची तैयार की जा रही है।
इस मामले में अब तक कुल पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें रिशुश्री, संतोष कुमार, मुमुक्षु चौधरी, तारिणी दास और उमेश कुमार सिंह शामिल हैं। रिशुश्री के एक करीबी सहयोगी पवन कुमार पर भी SVU की दबिश हुई है, जिसके ठिकाने पर हाल ही में छापेमारी की गई थी। इस जांच से आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।








