Bihar Vigilance Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भवन निर्माण विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर सत्येंद्र कुमार चौधरी के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। बुधवार को निगरानी की टीम ने पटना के फुलवारी शरीफ और एजी कॉलोनी समेत पूर्णिया में भी सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के आवास और कार्यालय पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ में एक पांच मंजिला आलीशान मकान सामने आया, जिसमें आधुनिक लिफ्ट और शानदार सोलर पैनल लगा हुआ है।
निगरानी टीम को घर के अंदर कई महंगे फर्नीचर और 10 एयर कंडीशनर भी मिले। पटना की एजी कॉलोनी में भी इंजीनियर का एक भव्य तीन मंजिला मकान पाया गया। इन दोनों भवनों की कीमत का आकलन किया जा रहा है। इसके अलावा, ग्रेटर नोएडा में भी एक फ्लैट होने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच जारी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, सुपरिटेंडेंट इंजीनियर सत्येंद्र कुमार चौधरी के पास से कुल 1 करोड़ 97 लाख 50 हजार 70 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। यह उनकी वैध आय से लगभग 68 प्रतिशत अधिक है।
करोड़ों की अचल संपत्तियों का खुलासा
छापेमारी में सत्येंद्र कुमार चौधरी, उनकी पत्नी उषा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर कुल सात अचल संपत्तियां उजागर हुई हैं। ये संपत्तियां वर्ष 2011 से 2025 के बीच खरीदी गई थीं। इनमें नौबतपुर में लगभग 74 डिसमिल और दानापुर में 7.18 डिसमिल जमीन शामिल है। इन अचल संपत्तियों की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 60 लाख 58 हजार 70 रुपये आंकी गई है। चल संपत्तियों की कीमत 26 लाख रुपये बताई गई है।
कैश, हीरे-सोने के गहने और महंगी कार बरामद
निगरानी की इस Bihar Vigilance Raid के दौरान इंजीनियर के आवास से 1 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। साथ ही सोना, चांदी और हीरे के कीमती गहने भी जब्त किए गए हैं। इन सभी संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, बैंक और एलआईसी में किए गए निवेश से संबंधित बड़े पैमाने पर कागजात भी मिले हैं। तलाशी के दौरान एक हुंडई कार भी बरामद हुई है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, यह तलाशी गुरुवार तक जारी रहने की संभावना है, जिसके बाद संपत्ति का अंतिम आकलन किया जाएगा।
यह कार्रवाई सरकारी पदों पर बैठे लोगों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की गंभीरता को दर्शाती है। निगरानी विभाग इस मामले में आगे की जांच कर रहा है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







