Bihar Weather Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र ने पटना समेत बिहार के 9 जिलों के लिए अगले 2 से 3 घंटे के दौरान मौसम खराब रहने का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इन इलाकों में मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, बिजली चमकने और तेज हवा के साथ बारिश होने की आशंका है। यह चेतावनी मोबाइल पर अलर्ट के रूप में भी भेजी जा रही है, जिससे लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।
इन 9 जिलों में अगले 3 घंटे के लिए हाई अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में बेगूसराय, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, पटना, समस्तीपुर, सारण, सीवान और वैशाली जिले के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है। इन जिलों में तेज हवाएं लगभग 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित आश्रय में रहने की अपील की गई है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
उत्तर बिहार में आने वाले दो दिनों तक मौसम में बदलाव जारी रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बारिश के दौरान कुछ क्षेत्रों में गरज और बिजली चमकने की स्थिति भी बन सकती है। विशेष रूप से 27 और 28 अगस्त को गोपालगंज, सीवान, वैशाली और पश्चिमी चंपारण के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
किसानों के लिए चेतावनी और सलाह
बारिश और बढ़ती नमी के कारण धान की फसल पर कीटों का खतरा बढ़ सकता है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को अपने खेतों में तना छेदक और पत्ती लपेटा कीट पर लगातार नजर रखने की सलाह दी है। यदि फसल में इन कीटों का प्रकोप दिखाई दे, तो दोपहर के बाद निर्धारित दवा का छिड़काव करने के लिए कहा गया है, ताकि फसल को नुकसान से बचाया जा सके।







