Chirag Paswan: केंद्रीय मंत्री पटना में रक्षाबंधन का त्योहार मना रहे थे, तभी आरक्षण के मुद्दे पर एक सवाल के जवाब में उन्होंने बेहद कड़ा संदेश दिया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आरक्षण से किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा हुआ तो देश का एक बड़ा वर्ग सड़कों पर उतर सकता है, जिससे बड़ा आंदोलन खड़ा हो जाएगा।
आरक्षण को लेकर चिराग पासवान की दो टूक
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी बहनों के साथ पटना स्थित अपने सरकारी आवास पर त्योहार मनाया। इस दौरान सांसद संभवी चौधरी भी उन्हें राखी बांधने पहुंचीं। हालांकि, त्योहार के इस खुशनुमा माहौल के बीच आरक्षण की समीक्षा और उसमें बदलाव से जुड़ा सवाल चर्चा का केंद्र बन गया। आरक्षण को लेकर पूछे गए प्रश्न पर चिराग पासवान के तेवर काफी तल्ख दिखाई दिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आरक्षण पहले भी था, आज भी है और भविष्य में भी रहेगा।

चिराग पासवान ने कहा, “आरक्षण को खत्म करने या उसमें छेड़छाड़ करने की बात करने वालों को यह समझना चाहिए कि यह मुद्दा देश के बड़े वर्ग से जुड़ा हुआ है। अगर ऐसा हुआ तो देश का एक बड़ा वर्ग सड़कों पर उतर सकता है।”
सामाजिक न्याय का मुद्दा है आरक्षण: चिराग
चिराग पासवान ने आरक्षण की समीक्षा की बात करने वाले लोगों को सामाजिक वास्तविकताओं को देखने की सलाह दी। उनके अनुसार, देश में आज भी सामाजिक भेदभाव की घटनाएं सामने आती हैं, जहां पिछड़े और वंचित वर्ग के लोगों के साथ अन्याय होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक समाज में ऐसी स्थितियां मौजूद हैं, तब तक आरक्षण की आवश्यकता और उसके महत्व पर सवाल उठाना बिल्कुल अनुचित है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आरक्षण को केवल एक राजनीतिक मुद्दा मानने से इनकार करते हुए इसे सामाजिक न्याय से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय बताया। उन्होंने कहा कि आरक्षण के अधिकार को बनाए रखने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। चिराग पासवान ने उन लोगों पर भी सवाल उठाए जो कभी आरक्षण के समर्थक थे, लेकिन अब इसके समाप्त होने या इसमें बदलाव की बात कर रहे हैं।







