Jantar Mantar Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया है। इन प्रमुख नेताओं की गिरफ्तारी के बाद भी पार्टी ने हार नहीं मानी है। CJP ने अपने संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे को इस आंदोलन का नेतृत्व सौंपा है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने अभिजीत दीपके का एक पहले से रिकॉर्ड किया गया वीडियो साझा किया है। इस वीडियो को संभावित गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए पहले ही शूट किया गया था। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जब तक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास पुलिस हिरासत में रहेंगे, तब तक अजिंक्य शिंदे ही जंतर मंतर पर होने वाले प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे।
कौन हैं अजिंक्य शिंदे, जिन्हें मिली Jantar Mantar Protest की कमान?
अजिंक्य शिंदे कॉकरोच जनता पार्टी के संगठन इंचार्ज हैं। अभिजीत दीपके के करीबी सहयोगी के तौर पर वह महाराष्ट्र से आते हैं। केंद्र सरकार के मुखर आलोचक माने जाने वाले शिंदे सोशल मीडिया पर CJP के आंदोलन को गति देने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्हें CJP के थिंकटैंक का भी हिस्सा माना जाता है, जहां वे अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका के साथ मिलकर संगठन की रणनीति तैयार करते हैं। अब तक लो प्रोफाइल रहने वाले शिंदे को, तीन बड़े चेहरों की हिरासत के बाद, आंदोलन की पूरी रूपरेखा तय करने की नई और बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
दिल्ली में कड़ा पहरा, 1500 लोग हिरासत में
प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत कम से कम 1,500 लोगों को हिरासत में लिया गया है। शहर में सुबह 6 बजे से ही ट्रैफिक पाबंदियां लागू कर दी गईं, जिससे कई स्थानों पर यातायात को डायवर्ट करना पड़ा। प्रमुख चौराहों पर बैरिकेड लगाए गए हैं और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं, जो वाहनों की जांच कर रहे हैं और प्रदर्शन स्थल के आसपास आवाजाही पर कड़ी नजर रख रहे हैं।
अभिजीत दीपके ने दिल्ली आते समय कहा था, ‘मैं गिरफ्तारी के लिए तैयार हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुरक्षा पाबंदियों के जरिए लोगों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोक रहे हैं।’
इन इलाकों में बढ़ी सख्ती और यातायात डायवर्ट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मध्य दिल्ली के कई चौराहों पर रुकावट की चेतावनी जारी की है। इनमें कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, जंतर मंतर और पटेल चौक जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। इसके अलावा, अशोका रोड-जंतर मंतर रोड गोलचक्कर, टॉलस्टॉय मार्ग-जनपथ क्रॉसिंग, जयसिंह रोड-संसद मार्ग क्रॉसिंग, रेल भवन गोलचक्कर, गोल डाकखाना और विंडसर प्लेस जैसे क्षेत्रों में भी विशेष सख्ती बरती जा रही है।
पुलिस ने नहीं दी प्रदर्शन की इजाजत
दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था की चिंता और नागरिकों को होने वाली असुविधा को इसकी वजह बताया है। CJP को भेजे गए अपने जवाब में पुलिस ने कहा कि पार्टी की सूचना अनुमति के लिए विधिवत दिया गया आवेदन नहीं है। पुलिस के दिशा-निर्देशों के अनुसार, जंतर मंतर पर प्रदर्शन के लिए आवेदन कम से कम 10 दिन पहले देना अनिवार्य होता है। अधिकारियों ने पूर्व के प्रदर्शनों में शर्तों के उल्लंघन का भी उल्लेख किया, जिसमें निर्धारित समय सीमा के बाद भी प्रदर्शन जारी रखना शामिल था।
गिरफ्तारी और सख्त सुरक्षा के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अपना आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया है। अब सबकी निगाहें अजिंक्य शिंदे पर टिकी हैं कि वे इस दबाव के बीच आंदोलन को कैसे आगे बढ़ाते हैं।







