Muzaffarpur Police: बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने एक बड़े आभूषण चोरी कांड का सफल खुलासा किया है। नगर थाना क्षेत्र स्थित मुजफ्फरपुर क्लब में हुए 30 से 40 लाख रुपए के जेवरात और नकदी चोरी मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से चोरी किए गए आभूषण और नगदी भी बरामद कर ली गई है, जिससे पीड़िता को बड़ी राहत मिली है।
यह वारदात विगत 22 जून 2026 की रात हुई थी। मुजफ्फरपुर क्लब में एक रिसेप्शन समारोह के दौरान प्रोफेसर कनुप्रिया के बैग से जेवरात और नगदी चोरी कर ली गई थी। इस घटना के बाद पीड़िता के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।






हाई-प्रोफाइल चोरी की जांच और गिरफ्तारियां
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर गहन जांच की। इस जांच के परिणामस्वरूप, तीन आरोपियों – राजेश कुमार साह, अमित कुमार और गोपाल साह को गिरफ्तार कर लिया गया। ये तीनों आरोपी सीतामढ़ी जिले के निवासी हैं।
मुजफ्फरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज कुछ दिनों के भीतर इस चर्चित चोरी कांड का खुलासा हो गया। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी
क्या कहती है मुजफ्फरपुर पुलिस?
गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और नगदी बरामद कर ली। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने एक प्रेसवार्ता कर इस सफल कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस अब इन आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है ताकि ऐसे अपराधों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।








