Siwan Weather Update: सीवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड में सोमवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है। तेज हवाओं और आसमानी गर्जन के साथ हुई इस वर्षा से न सिर्फ मौसम सुहावना हो गया, बल्कि तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। यह बारिश किसानों के लिए भी वरदान साबित हुई है, क्योंकि इससे धान की नर्सरी और मक्का की खेती को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
भीषण गर्मी से मिली फौरी राहत, सुहाना हुआ मौसम
पिछले कई दिनों से सीवान में तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रखा था। लगातार बिजली की आवाजाही ने भी लोगों की परेशानी और बढ़ा दी थी। सोमवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदला और भगवानपुर हाट प्रखंड में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। इस बारिश के बाद लोगों ने चैन की सांस ली। बाजारों से लेकर गांवों तक हर जगह मौसम खुशनुमा हो गया है।






किसानों के लिए संजीवनी बनी बारिश, बढ़ी धान-मक्का की उम्मीद
इस बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को मिला है। खेतों में तैयार धान के बिचड़ों को पर्याप्त नमी मिल गई है, जिससे उनकी बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं, खेतों में नमी आने के बाद मक्का की बुवाई में भी तेजी आने की संभावना बढ़ गई है, जो बारिश के अभाव में पिछड़ रही थी।
स्थानीय किसानों का कहना है, ‘इस बारिश ने गर्मी से राहत देने के साथ ही खेती-किसानी के लिए नई उम्मीद जगाई है। अगर अगले कुछ दिनों तक समय-समय पर बारिश होती रही तो धान की रोपाई भी जल्द शुरू हो जाएगी।’
इससे खरीफ फसलों की खेती को गति मिलेगी और बेहतर उत्पादन की संभावना भी बढ़ेगी। अब सभी की निगाहें आने वाले दिनों के मौसम और मानसून की गतिविधियों पर टिकी हुई हैं, ताकि खेती का काम सुचारु रूप से आगे बढ़ सके।








