Patliputra Sports Complex के कायाकल्प की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए खेल विभाग और Bihar राज्य खेल प्राधिकरण ने यहां अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। राजधानी के कंकड़बाग इलाके में स्थित इस प्रमुख खेल परिसर में खिलाड़ियों को अब अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संसाधन मिलने की उम्मीद बंध गई है। परियोजना के तहत यहां 400 मीटर लंबे सिंथेटिक ट्रैक और प्राकृतिक घास के मैदान का उच्चीकरण किया जाना तय हुआ है।
हाईटेक होगा 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक
खेल परिसर में मौजूद 400 मीटर के आठ लेन वाले पुराने सिंथेटिक ट्रैक को पूरी तरह बदला जा रहा है। इसके लिए पुरानी सिंथेटिक सतह को हटाने के साथ डामर की पुरानी परत की मिलिंग कर नई परत तैयार की जाएगी। इस आधुनिक निर्माण कार्य के बाद फुल-प्योर फुल-ईपीडीएम सिंथेटिक ट्रैक सिस्टम स्थापित किया जाएगा। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण के अनुसार, इस पूरे ढांचे को वर्ल्ड वल्र्ड एथलेटिक्स की तकनीकी अपेक्षाओं के अनुरूप गढ़ा जा रहा है ताकि इसे वर्ल्ड एथलेटिक्स क्लास-1 सर्टिफिकेशन दिलाया जा सके।
मैदान में जलजमाव से मिलेगी स्थायी मुक्ति
ट्रैक के अलावा खेल परिसर के प्राकृतिक मैदान को भी उन्नत बनाया जा रहा है ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान किसी तरह की बाधा का सामना न करना पड़े। मैदान के भीतर विशेष ड्रेनेज पाइप बिछाए जाएंगे जिससे बारिश का अतिरिक्त पानी बिना रुके तेजी से बाहर निकल सके। जल निकासी की इस विशेष व्यवस्था के तहत बजरी की परत के ऊपर रेत आधारित रूटजोन तैयार किया जाएगा और उस पर नई बरमूडा घास लगाई जाएगी। साथ ही मैदान की सहज सिंचाई के लिए ऑटोमैटिक पॉप-अप स्प्रिंकलर सिस्टम भी लगाया जाएगा।
बिहार के एथलीटों को मिलेगा सीधा लाभ
इस पूरे आधुनिकीकरण के पूरा होने से स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण ले रहे एथलीटों को उच्च कोटि की रनिंग सतह और आधुनिक खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। राज्य के खिलाड़ियों को अब उन्नत अभ्यास के लिए दूसरे प्रदेशों का रुख करने की मजबूरी से राहत मिलेगी। इस हाईटेक बुनियादी ढांचे के विकसित होने से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा को तराशना काफी सुगम हो जाएगा।







