Bihar Police Encounter: गुरुवार को पटना में हुई एक पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी रवीश कुमार उर्फ बसिया घायल हो गया। बंटी यादव अपहरण एवं हत्याकांड के मुख्य आरोपी बसिया के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई को पटना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस और अपराधी के बीच कैसे हुई मुठभेड़?
पटना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी यादव हत्याकांड के बाद से फरार चल रहा रवीश उर्फ बसिया शहर में मौजूद है। इस जानकारी के आधार पर कोतवाली और बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस टीम बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में एलएनटी से पूरब बांस घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी करने पहुंची।






पुलिस के मुताबिक, जैसे ही जवान आरोपी के करीब पहुंचे, उसने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी की तरफ से चलाई गई एक गोली कोतवाली थाना की सरकारी गाड़ी के बोनट पर जा लगी। वाहन में मौजूद थाना प्रभारी (SHO) समेत अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग के दौरान एक गोली रवीश के दाहिने पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे कब्जे में लिया और इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी की एक चप्पल और एक देसी कट्टा भी मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
कुख्यात बसिया का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रवीश उर्फ बसिया बंटी यादव के चर्चित अपहरण और हत्या मामले का मुख्य आरोपी है। इस घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई दिनों से छापेमारी की जा रही थी। उसके संभावित ठिकानों पर पुलिस की निगरानी भी बढ़ाई गई थी। गुरुवार को मिली सटीक सूचना के बाद ही पुलिस ने यह संयुक्त कार्रवाई की।
रवीश का आपराधिक इतिहास काफी लंबा बताया जाता है। उसके खिलाफ पटना के विभिन्न थानों में लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में वह एक कुख्यात अपराधी के रूप में चिन्हित है और लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ था।
पूछताछ के बाद खुलेंगे कई राज
इस मुठभेड़ के बाद पुलिस अब आरोपी से पूछताछ की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उसके ठीक होने के बाद बंटी यादव हत्याकांड समेत अन्य मामलों में उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस उसके नेटवर्क और फरारी के दौरान मदद करने वाले लोगों की भी जांच करेगी।
पटना में हुई इस एनकाउंटर कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








