Patna Police: राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत घुड़दौड़ इलाके में स्थित गणपति गेस्ट हाउस में चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पटना पुलिस और एसएसपी सेल की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) की संयुक्त टीम ने शनिवार को इस गेस्ट हाउस में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान चार युवतियों और एक युवक को मौके से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, यह गेस्ट हाउस जी+4 यानी चार मंजिला भवन में संचालित हो रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने ग्राउंड फ्लोर से लेकर चौथी मंजिल तक के सभी कमरों की सघन तलाशी ली। इस बड़ी कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर दो आईपीएस रैंक के अधिकारियों ने भी पहुंचकर जांच-पड़ताल की।


कमरों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद, तकनीकी टीम जांच में जुटी
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को गेस्ट हाउस के कमरों से कंडोम सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुए हैं। हिरासत में ली गई चारों युवतियों और युवक को पूछताछ के लिए राजीव नगर थाने ले जाया गया है। पुलिस की तकनीकी टीम और वरिष्ठ अधिकारी इस पूरे अनैतिक व्यापार के सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटे हैं। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि ग्राहकों से संपर्क कैसे स्थापित किया जाता था और यह अवैध गतिविधि कितने समय से चल रही थी।
छापेमारी की भनक लगते ही संचालक फरार, तलाश जारी
पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही गेस्ट हाउस का मुख्य संचालक और वहां कार्यरत कर्मी पिछले दरवाजे से फरार हो गए। उनके साथ कुछ अन्य संदिग्ध युवक भी भागने में सफल रहे। पटना पुलिस अब गेस्ट हाउस के भागे हुए संचालक और संबंधित कर्मियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
“बहुत दिनों से गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। करीब दो माह से एसआईयू की टीम यहां रंगे हाथ पकड़ने की तैयारी में थी। शनिवार को सूचना मिली कि गेस्ट हाउस के कमरों में कुछ युवक-युवतियां मौजूद हैं। इसके बाद टीम ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान अलग-अलग कमरों से चार युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।”
– सुषमा सागर, एसडीपीओ-2 लॉ एंड ऑर्डर
6 महीने से पुलिस की नजर में था गेस्ट हाउस
एसडीपीओ-2 लॉ एंड ऑर्डर सुषमा सागर ने बताया कि यह गेस्ट हाउस पिछले छह माह से पुलिस की नजर में था। पिछले करीब दो माह से एसआईयू की टीम इस मामले पर बारीकी से काम कर रही थी ताकि आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा जा सके। इस बड़ी कार्रवाई के बाद पटना क्राइम ब्रांच की टीम भी सक्रिय हो गई है और इस तरह के अन्य ठिकानों पर भी नजर रख रही है। पुलिस का कहना है कि इस देह व्यापार में शामिल सभी लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।







