Bihar Cabinet: बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास से शुक्रवार को सीसीटीवी कैमरे हटा दिए गए हैं। यह घटनाक्रम इस बात का संकेत है कि लालू परिवार अब धीरे-धीरे इस बंगले को खाली कर रहा है। इससे पहले भी कई बार पिकअप जैसी गाड़ियों में भरकर सामान को यहां से निकालकर दूसरी जगहों पर शिफ्ट किया गया है।
भवन निर्माण विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को यह आवास खाली करने के लिए आखिरी मोहलत दी है। उन्हें 22 जून को एक नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर सरकारी बंगला खाली करने का निर्देश दिया गया था। यह बंगला पिछले महीने ही सम्राट कैबिनेट में मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है।






‘आखिरी अल्टीमेटम’ और खाली करने की मोहलत
भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को नेता प्रतिपक्ष की हैसियत से 39 हार्डिंग रोड पर एक दूसरा सरकारी आवास आवंटित किया है। इसके बावजूद, उन्हें कई बार नोटिस मिलने के बाद भी उन्होंने अपना मौजूदा आवास खाली नहीं किया था। विभाग की ओर से उन्हें 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली करने के लिए कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसी महीने उन्हें दो बार रिमाइंडर भी भेजा गया।
भवन निर्माण विभाग ने 22 जून को जारी अपने ताजा नोटिस में राबड़ी देवी को 7 दिन के भीतर बंगला खाली करने को कहा है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि:
‘अगर इस अवधि में आवास खाली नहीं किया गया, तो कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।’
इसे सम्राट सरकार का लालू परिवार को दिया गया आखिरी अल्टीमेटम माना जा रहा है।
नए आवास पर लालू के लिए सुविधाएं
इसी महीने 9 जून को भी भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का नोटिस दिया था। उस समय उन्होंने विभाग को एक पत्र लिखकर नए आवास में उनके पति एवं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष सुविधाएं मुहैया कराने का अनुरोध किया था। उन्होंने रैंप, लिफ्ट और आउटहाउस के निर्माण की मांग की थी। इसके बाद, विभाग ने 39 हार्डिंग रोड स्थित नए आवास में निर्माण कार्य शुरू कर दिया और उसका रंग-रौगन भी कराया गया है।
सामान शिफ्टिंग में तेजी
राबड़ी आवास से सामान की शिफ्टिंग अब तेज हो गई है। पिछले दिनों कई पिकअप वाहनों में भरकर सामान 10 सर्कुलर रोड से निकाले गए और उन्हें राबड़ी देवी के छोटे बेटे एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर पहुंचाया गया। इससे पहले भी कुछ सामान उनके निजी मकानों में शिफ्ट किए जा चुके हैं। इन गतिविधियों को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि लालू परिवार इसी महीने 10 सर्कुलर रोड स्थित अपना यह महत्वपूर्ण आवास खाली कर देगा।








