Saran Khan Sir: बिहार के सारण जिले में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचे खान सर को देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा उमड़ पड़े. मकेर में बाढ़ प्रभावितों के बीच राहत सामग्री वितरण के बाद खान सर के पीछे युवाओं की भारी भीड़ लग गई. राहत बांटकर जैसे ही खान सर ट्रैक्टर से आगे बढ़े, दर्जनों बाइक सवार युवा उनसे मिलने और बातचीत करने के लिए लगातार रुकने की अपील करते हुए उनके पीछे चल पड़े.
युवाओं की बेताबी देखकर खान सर ने उन्हें आगे एक पेट्रोल पंप पर मिलने का आश्वासन दिया. इसके बाद जब उनका ट्रैक्टर पेट्रोल पंप पर रुका, तो वहां युवाओं का एक विशाल हुजूम जमा हो गया.
पेट्रोल पंप पर सेल्फी के लिए उमड़ी भीड़
पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही युवा खान सर से मिलने, उनका धन्यवाद करने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए. इस दौरान कई युवाओं ने उनसे बातचीत करने की कोशिश भी की. खान सर और उनकी टीम मकेर में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच लगातार राहत सामग्री वितरित कर रही है.
बाढ़ प्रभावित इलाकों में जारी है राहत अभियान
खान सर की टीम प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों की जरूरतों की जानकारी लेने के साथ ही उन्हें आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध करा रही है. राहत अभियान के तहत मकेर के अलावा पानापुर और परसा प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी सहायता पहुंचाई जा रही है.
पुरुषोत्तमपुर, सुल्तानगंज और फुलवरिया समेत कई गांव बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं. बाढ़ के कारण इन परिवारों के सामने भोजन, पेयजल और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर गंभीर परेशानी बनी हुई है. राहत वितरण के जरिए इन प्रभावित परिवारों तक जरूरी सामग्री पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है.
कार से रवाना होते समय किया अभिवादन
पेट्रोल पंप पर कुछ देर रुकने के बाद खान सर कार से वहां से रवाना हुए. इस दौरान उन्होंने कार के सनरूफ से बाहर आकर वहां मौजूद लोगों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया. खान सर के पीछे बाइक से जाते युवाओं और पेट्रोल पंप पर जुटी भीड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में बड़ी संख्या में लोग खान सर से मिलने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए बेताब दिखाई दे रहे हैं. बाढ़ राहत अभियान के दौरान मकेर में सामने आया यह दृश्य खान सर की युवाओं के बीच जबरदस्त लोकप्रियता को दर्शाता है.








You must be logged in to post a comment.