अलीनगर, देशज टाइम्स। दरभंगा जिले के बेनीपुर अनुमंडल के अलीनगर थाना क्षेत्र के सहजौली गांव सीमा पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया है। यहां मुख्य सड़क पर ट्रैक्टर सहित ट्राली पलट गया। इस दौरान ट्राली में दबकर इमामगंज गांव के करीब सैंतालीस वर्षीय जगदीश चौपाल के पुत्र महेंद्र चौपाल की मौत ऑन द स्पॉट ही हो गई।
जानकारी के अनुसार, मौके पर पहुंचे भाजपा नेता विशंभर यादव और पैक्स अध्यक्ष मिलन कुमार सुधाकर ने बताया कि सहजौली चौर के पास यह हादसा हुआ है। कयास लगाई जा रही है कि बारिश होने की वजह से ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। और, वहीं पलट गया। इससे दबकर महेंद्र चौपाल की मौत हो गई।






घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ गांव के लोग वहां जुट गए। प्रमुख प्रतिनिधि राजीव कुमार यादव, सरपंच लाल, छात्र जाप नेता आसिफ आदिल समेत ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचकर ट्रैक्टर में दबे शव को बाहर निकाला।
बाद में शव को घर लाया गया जहां पत्नी शीला देवी और वृद्ध पिता जगदीश चौपाल समेत महेश की माता किसनी देवी का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ था। प्रखंड मत्स्य जीवी सहयोग समिति के मंत्री विजय मुखिया, मुखिया विजय कुमार यादव,उप मुखिया विजय यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने परिजनों के साथ मिलकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया।
वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि बड़े पुत्र अनिल चौपाल, मझले पुत्र सुनील चौपाल और छोटे पुत्र 16 वर्षीय सुशील चौपाल से बातचीत के बाद इस मामले में किसी प्रकार का कोई केस संबंधित थाने में दर्ज नहीं करने का फैसला किया गया है।
परिवार में बूढ़े मां बाप और पुत्र हैं। वहीं महेंद्र के भाइयों ने मिलकर ग्रामीणों के बीच पंचनामा बना कर स्थानीय थाना को दे दिया। वहीं, बाद में अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों पुत्रों में से दो की ही अभी तक शादी हुई है। वहीं, वारदात की सूचना मिलते ही घर पहुंचकर लोगों ने बड़ी संख्या में पत्नी और परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी।








