Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। पटना-गया मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम दिया गया है। धनरुआ थाना क्षेत्र के दरधा पुल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने शादी से लौट रहे एक युवक को गोली मारकर दो लाख रुपये की सोने की चेन लूट ली। घायल युवक को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है, जिसके बाद पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, अरवल जिले के किंजर थाना क्षेत्र के माणिक कोठिया गांव निवासी 36 साल के गोप जी अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। सुबह करीब 10 बजे वह अपने साथी प्रह्लाद कुमार के साथ बाइक से पटना-गया मुख्य मार्ग पर दरधा पुल के पास पहुंचे। इसी दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका।






बेखौफ अपराधियों ने लूट के लिए मारी गोली
अपराधियों ने गोप जी के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। जब गोप जी ने इसका विरोध किया, तो एक अपराधी ने उनके पैर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद अपराधी दो लाख रुपये की चेन लूटकर पटना की ओर फरार हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घायल युवक पटना रेफर, जांच में जुटी पुलिस
गोली लगने से घायल गोप जी को आनन-फानन में धनरुआ पीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने बिहार में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने बताया कि वह अपराधियों की धर-पकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








