bihar-teacher-recruitment: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE) के माध्यम से नियुक्त हुए हजारों शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। बिहार शिक्षा विभाग ने TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के तहत हुई नियुक्तियों में दस्तावेजों की राज्यव्यापी महाजांच शुरू कर दी है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिहार से बाहर के उन अभ्यर्थियों का पता लगाना है, जिन्होंने फर्जी तरीके से या नियमों का उल्लंघन कर आरक्षित श्रेणी का लाभ उठाया है। गड़बड़ी पाए जाने पर न केवल नौकरी रद्द की जाएगी, बल्कि संबंधित शिक्षकों पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
जांच के घेरे में कौन? किन दस्तावेजों पर है फोकस?
शिक्षा विभाग की इस विशेष जांच के दायरे में वे सभी शिक्षक आएंगे जिन्होंने पिछड़ा वर्ग (BC), अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC), अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), महिला आरक्षण, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) या अन्य आरक्षित वर्गों के तहत नियुक्ति प्राप्त की है। विशेष रूप से उन अभ्यर्थियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है जिनका मूल निवास बिहार से बाहर का है, लेकिन उन्होंने यहां की आरक्षण नीति का लाभ लिया।






विभाग ने चार सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों के सत्यापन पर जोर दिया है। इनमें आवासीय प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, क्रीमीलेयर प्रमाणपत्र और ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र शामिल हैं। सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को तत्काल इन दस्तावेजों की प्रतियां निगरानी विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
दूसरे राज्यों के शिक्षकों पर विशेष नजर, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
राज्य के सभी जिलों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे दूसरे राज्यों से आए सभी नियुक्त शिक्षकों की पूरी सूची तैयार करें। इसके साथ ही उनके नियुक्ति से जुड़े सभी रिकॉर्ड और प्रमाणपत्र भी जमा करने होंगे। शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि जानकारी उपलब्ध कराने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानकारी देने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा सकती है।
जांच के दौरान यदि यह पुष्टि होती है कि किसी अभ्यर्थी ने गलत तरीके से बिहार का निवास प्रमाणपत्र बनवाया है, फर्जी जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया है, या आरक्षण संबंधी नियमों का उल्लंघन कर नौकरी प्राप्त की है, तो उसकी सेवा तत्काल समाप्त की जा सकती है। ऐसे गंभीर मामलों में संबंधित शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने और आगे की कानूनी कार्रवाई की पूरी संभावना है।
यह पहली बार नहीं है जब बिहार की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया विवादों में आई है। TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के आयोजन के दौरान भी डोमिसाइल नीति, आरक्षण व्यवस्था और बाहरी अभ्यर्थियों की नियुक्ति को लेकर लगातार सवाल उठते रहे थे। कई संगठनों और अभ्यर्थी समूहों ने राज्य के आरक्षित पदों पर नियमों की अनदेखी कर नियुक्तियों के आरोप लगाए थे। अब इस महाजांच से उम्मीद है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और वास्तविक हकदार अभ्यर्थियों को न्याय मिलेगा।








